Health Tips : नहाने के बाद बार-बार पसीना आना हो सकता है इस बीमारी का संकेत, सतर्क हो जाएं

Health Tips : कई बार ऐसा होता है कि आप बाथरूम में लंबा समय शावर के नीचे बिताते हैं और जैसे ही कमरे में लौटते हैं, शरीर पसीने से तर-बतर हो जाता है। यह स्थिति थोड़ी अजीब लग सकती है, लेकिन असल में यह एक सामान्य प्रक्रिया भी हो सकती है।
अगर आपके साथ भी रोजाना ऐसा होता है तो जरूरी है कि आप इसके पीछे की असली वजह समझें ताकि सही कदम उठाकर इससे राहत पा सकें।
शरीर के तापमान को संतुलित करने की एक प्रक्रिया
हमारा शरीर बहुत ही बुद्धिमानी से काम करता है। जब हम गर्म पानी से नहाते हैं, तो शरीर का आंतरिक तापमान बढ़ जाता है।
इस बढ़े हुए तापमान को नियंत्रित करने के लिए शरीर पसीने के रूप में अतिरिक्त गर्मी को बाहर निकालता है।
यही वजह है कि नहाने के बाद अक्सर पसीना आता है। यह एक तरह से शरीर का 'कूलिंग सिस्टम' होता है।
वेंटिलेशन की कमी भी बन सकती है वजह
अगर आपके बाथरूम में हवा के आने-जाने की व्यवस्था ठीक नहीं है यानी वेंटिलेशन खराब है, तो वहां की नमी और गर्मी काफी बढ़ जाती है।
इस वजह से नहाने के बाद बाहर निकलते ही शरीर को ठंडी हवा नहीं मिलती और वह पसीने के जरिए खुद को ठंडा करने की कोशिश करता है।
हार्मोनल बदलाव या स्किन की सेंसिटिविटी
कुछ लोगों के शरीर में हार्मोनल बदलाव (जैसे थायरॉइड या ज्यादा तनाव) के कारण भी पसीना ज्यादा आता है। इसके अलावा, जिनकी त्वचा बेहद संवेदनशील होती है, उनके रोमछिद्र नहाने के दौरान अधिक खुल जाते हैं और इससे भी पसीना निकलना शुरू हो सकता है।
नहाने के बाद पसीने से कैसे पाएं राहत?
इस समस्या से पूरी तरह बचा तो नहीं जा सकता, लेकिन कुछ आसान उपाय अपनाकर इसे काफी हद तक कम जरूर किया जा सकता है:
- नहाने के लिए ठंडे या हल्के गुनगुने पानी का उपयोग करें।
- बाथरूम में एग्जॉस्ट फैन या विंडो ओपन रखें जिससे वेंटिलेशन बना रहे।
- नहाने के बाद तौलिये से शरीर को हल्के हाथों से सुखाएं।
- नहाने के तुरंत बाद टाइट या भारी कपड़े पहनने से बचें।
- यदि पसीना सामान्य से अधिक आता है, तो एक बार डॉक्टर से हार्मोन चेकअप जरूर करवाएं।