आगरा: पड़ोसियों से परेशान परिवार ने लगाई न्याय की गुहार
आगरा, 10 मई (हि.स.)। समुदाय विशेष के पड़ोसियों से परेशान हो एक परिवार ने आलाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। पड़ोसियों द्वारा परेशान किये जाने के चलते परिवार ने अपने घर पर मकान बिकाऊ के पोस्टर तक लगा दिए। मामले में एसपी सिटी द्वारा जानकारी के पश्चात उचित कार्यवाही की बात कही गयी है।
मामला थाना सिकंदरा के शिवाकुंज गली नम्बर नौ का है। यहाँ रहने वाली रंजना भदौरिया ने अपने पड़ोसियों पर परेशान किये जाने के आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार रंजना के घर में उनके पति विनोद और तीन बेटे अभिषेक, प्रशांत और शिवांकर है। रंजना ने अपने परिवार के साथ मिलकर करीबन पांच वर्ष पूर्व मकान बनवाया था। रंजना द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार उनके समुदाय विशेष के पडोसी उनके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं जिस कारण से वे सभी उन्हें आये- दिन अलग- अलग तरीकों से परेशान करते रहते हैं। इन समुदाय विशेष के पड़ोसियों के कारण ही उनके बेटों की शादी भी नहीं हो पा रही है और वे अपना मकान भी नहीं बेच पा रहे हैं।
पीड़िता के बताये अनुसार वह इस मामले में पहले भी पुलिस में शिकायत कर चुकी हैं। लेकिन इस मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गयी। अब आलाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाने पर एसपी सिटी द्वारा जानकारी के पश्चात ही उचित कार्यवाही करने की बात कही गयी है।
हिन्दुस्थान समाचार/ श्रीकांत