जींद : महिला ने फांसी लगा दी जान, ससुराल व मायके के अलग-अलग आरोप

जींद : महिला ने फांसी लगा दी जान, ससुराल व मायके के अलग-अलग आरोप


जींद, 10 मई (हि.स.)। एक महिला ने अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि ससुरालीजनों द्वारा प्रताडित किए जाने से आहत होकर उसकी बेटी ने आत्महत्या की है। शहर थाना पुलिस ने मृतका की मां की शिकायत पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।

कृष्णा कालोनी निवासी रिषी की पत्नी शीतल 33 ने संदिग्ध हालात के चलते अपने मकान में फांसी का फंदा लगा लिया। परिजनों को तत्काल घटना का पता चलने पर उसे फांसी के फंदे से उतार सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की मां हांसी निवासी सुनीता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी शीतल की शादी लगभग 15 साल पहले रिषी के साथ हुई थी। रिषी के साथ उसका भाई सुनील भी काम करता है। रिषी अपने भाई सुनील की सहायता करता था। जिसको लेकर रिषी तथा उसकी बेटी शीतल के बीच झगडा होता था और शीतल के साथ मारपीट भी की जाती थी। जिसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई। हर बार रिषी व ससुरालीजन गलती मान लेते थे। अब हालात यहां तक थे कि पिछले एक साल से शीतल को मायका नहीं आने दिया जा रहा था और न ही फोन पर परिजनों से बात करने दे रहे थे। ससुरालीजनों द्वारा मारपीट किए जाने से परेशान होकर शीतल ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। शहर थाना पुलिस ने सुनीता की शिकायत पर मृतका के पति रिषी, देवर सुनील, देवरानी रीना, सास भरथो देवी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शहर थाना के जांच अधिकारी रणधीर ने बताया कि मृतका की मां ने पति समेत चार लोगों पर आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। जिसके आधार पर चार ससुरालीजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/संजीव

Share this story