पार्ट टाईम कर्मचारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय घेरा

पार्ट टाईम कर्मचारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय घेरा


फतेहाबाद, 10 मई (हि.स.)। शिक्षा विभाग में कार्यरत पार्ट टाईम कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।

धरने की अध्यक्षता यूनियन के जिला प्रधान रामपाल ने की व संचालन सचिव सुखदेव सिंह ने किया। मुख्य वक्ता के तौर पर राज्य उपप्रधान विनोद कुमार भड़ोलांवाली ने भाग लिया और कर्मचारियों की मांगों पर प्रकाश डाला। इसके बाद कर्मचारियों द्वारा शिक्षा अधिकारी को मांग पत्र भी सौंपा गया।

धरने को संबोधित करते हुए राज्य उपप्रधान विनोद भड़ोलांवाली ने कहा कि सरकार व अधिकारी कर्मचारियों की जायज मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। पार्ट टाइम कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर यूनियन द्वारा 27 अप्रैल को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के नाम मांग पत्र सौंपा गया था लेकिन इस पर अभी तक कोई कार्यवाही न होने से कर्मचारियों में रोष है।

पूर्व में दिए गए अल्टीमेटम के चलते आज कर्मचारियों को धरना देने पर मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि विभाग में कार्यरत पार्ट टाईम कर्मचारियों को हर महीने 7 तारीख तक वेतन देना सुनिश्चित किया जाए। इन कर्मचारियों को 26 दिन कार्यदिवस मानते हुए पूरे 10 महीने का वेतन दिया जाए। इन कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची तैयार की जाए और इनका ड्यूटी का समय निर्धारित किया जाए।

इसके अलावा पार्ट टाईम कर्मचारियों को अप्रैल महीने से लागू हुए डीसी रेट के हिसाब से 4 महीने का एरियर दिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि अब भी अधिकारियों ने कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया तो यूनियन आंदोलन तेज करने पर मजबूर होगी जिसकी जिम्मेवारी शिक्षा अधिकारी की होगी। धरने को सतीश मोर, संदीप, सतपाल, प्रगट, श्रवण, धर्मपाल आदि कर्मचारियों ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन

Share this story