रायगढ़ : घरेलू गैस की बढ़ती कीमत : महिला कांग्रेस ने किया केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

रायगढ़ : घरेलू गैस की बढ़ती कीमत : महिला कांग्रेस ने किया केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन


रायगढ़, 10 मई (हि.स.)। महिला कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन कर रसोई गैस के दामों में नियंत्रण की मांग की है।

घरेलू गैस सिलेंडर के दाम एकाएक बढ़ाए जाने के विरोध में सोमवार को रायगढ़ में महिला कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला कांग्रेस ने गैस सिलेंडर रख कर धरना प्रदर्शन कर सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध कर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सवाल खड़े करते हुए महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रानी चौहान ने कहा कि, महंगाई से जनता त्रस्त हो गई है लेकिन सरकार इस पर लगाम नहीं लगा पा रही है। उन्होंने कहा कि अगर महंगाई को कंट्रोल नहीं किया गया तो हम इसका जोरदार विरोध करेगे जिसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा।

धरना प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने कहा कि, कहा कि रातों-रात गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी होने से आम आदमी की रसोई में आग लग गई है। लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में अब हल्ला बोला जाएगा। गैस सिलेंडर के दाम एक हजार के पार होने से हाहाकार मच गया है।

सरकार ने घरेलू सिलेंडरों के दाम में शनिवार को ही बढ़ोतरी की है। इसी के साथ अब 14.2 किलो वाला घर में इस्तेमाल होने वाला सिलेंडर 50 रुपये तक महंगा हो गया है। एक मई से ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये से अधिक का इजाफा हो गया था। हालांकि, तब घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम नहीं बढ़ाए गए थे। इससे पहले अप्रैल में भी कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 250 रुपए का इजाफा हुआ था।

उल्लेखनीय है कि, इससे पहले मार्च में भी घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी की गई थी। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में जो बढ़ोतरी शुरू हुई थी, उसी क्रम में 22 मार्च को सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की वृद्धि की गई थी।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस प्रभारी महामंत्री शाखा यादव, उपेन्द्र सिह, ब्लाक अध्यक्ष मदन महंत, शेख सलीम नियरिया, महिला कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस पदाधिकारीयों की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार /रघुवीर प्रधान

Share this story