नवादा में मिट्टी धंसने से महिला की मौत

नवादा में मिट्टी धंसने से महिला की मौत


नवादा, 10 मई (हि. स.)। नवादा जिले के खुरी नदी में मंगलवार को मिट्टी का चाल धंसने से एक महिला की मौत हो गई। घटना अकबरपुर थाना क्षेत्र के पचरुखी पंचायत के चौधरी टोला में हुई। मृतका 3 बच्चों की मां थी। वह मिट्टी लाने खुरी नदी के किनारे गई थी। मिट्टी निकालने के क्रम में मिट्टी का चाल धंस गया और मलवा में दबकर उसकी मौत हो गई। मिट्टी खोदाई के कारण अंदर बड़ा सा सुरंग हो गया था। उसी में मृतका सोनी देवी मिट्टी निकालने में व्यस्त थी। इस दौरान ऊपर का भाग गिर गया। जिससे महिला वहीं पर दब गई। हैप्पी से दबने के कारण दम घुट कर उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि चौधरी टोला के श्रवण चौधरी की पत्नी सोनी देवी मिट्टी लाने के लिए खुरी नदी के किनारे गई हुई थी। घंटों तक वह घर वापस नहीं आई। तब परिजनों एवं ग्रामीण ने खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान नदी किनारे पहुंचे लोगों ने देखा की जहां से मिट्टी निकाली जाती है वहां पर एक जोड़ी चप्पल पड़ा है। परिजनों को संदेह होने लगा कि कुछ अनहोनी हुई है। ग्रामीण एवं मुखिया प्रतिनिधि ब्रह्मचारी प्रसाद मिट्टी हटाने लगे तो देखा कि सोनी देवी अंदर मलबे में दबी हुई है। उसे निकालकर अकबरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ सुमन

Share this story