महंगाई पर भाजपा को कांग्रेस और झामुमो ने घेरा

महंगाई पर भाजपा को कांग्रेस और झामुमो ने घेरा


रांची, 10 मई (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे पर भाजपा को घेरा है। इसे लेकर झामुमो और कांग्रेस के नेताओं ने संयुक्त रूप से झामुमो के बरियातू स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता किया। कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी, झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू और कांग्रेस प्रवक्ता ने संयुक्त रूप से कहा कि आज महंगाई पूरे देश में चरम पर है। लोग भूखे रहने को विवश हैं। भाजपा महंगाई पर से लोगों का ध्यान भटका रही है।

तीनों नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के नीतियों से मध्यम वर्ग की कमर टूट गयी है। महंगाई दिन व दिन बढ़ रही है। लोगों की थाली से निवाला छिन गया है, तो इस समय भाजपा लाउडस्पीकर और हनुमान चालीसा जैसे मुद्दे को लाकर जनता को उसके बुनियादी सुविधाओं से भटका रही है।

नेताओं ने कहा कि इसी कड़ी में भाजपा अब झारखंड में भी ईडी, सीबीआई जैसे संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर हेमंत सरकार को भी अस्थिर करने का काम कर रही है। लेकिन राज्य की जनता इनके मंसूबे को जान चुकी है। यह लोग अपने मंसूबे में कभी कामयाब नहीं होंगे। आज भाजपा ने महंगाई बढ़ाकर देश की जनता को बदहाल जीवन जीने को विवश कर दिया है। भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर झारखंड के सत्ता में आने का सपना देख रही है, जिसे झामुमो, कांग्रेस और आरजेडी गठबंधन कभी पूरा नहीं होने देगी।

हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण

Share this story