SAMBHAV: भारत का पहला सैन्य-उपयोगी स्मार्टफोन, जानें इसकी अनोखी खूबियां और डिजाइन

भारतीय सेना हर मुश्किल से आसानी से निपटने के लिए जानी जाती है। लेकिन अब यह सेना शारीरिक रूप से ही नहीं बल्कि तकनीकी रूप से भी मजबूत होती जा रही है। इसका जीता जागता उदाहरण हाल ही में पेश किया गया स्मार्टफोन 'संभव' है। दरअसल, भारतीय सेना ने अक्टूबर में चीन के साथ बातचीत के दौरान इस स्मार्टफोन का इस्तेमाल किया था।
इस स्मार्टफोन (सिक्योर आर्मी मोबाइल भारत वर्जन) को 'संभव' के नाम से जाना जाता है। सेना के मुताबिक, इन स्मार्टफोन का इस्तेमाल यह सुनिश्चित करने के लिए किया गया कि बातचीत का पूरा सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित रहे।
क्या है मकसद
रिपोर्ट के मुताबिक, इन स्मार्टफोन में M-Sigma नाम का ऐप है। यह व्हाट्सएप की तरह है और इसका इस्तेमाल मैसेज भेजने, डॉक्यूमेंट, फोटो और वीडियो शेयर करने के लिए किया जाता है। सेना को उम्मीद है कि इन स्मार्टफोन के जरिए अहम दस्तावेजों के लीक होने की घटनाओं को रोका जा सकेगा।
यह स्मार्टफोन करीब 30,000 आर्मी अफसरों को दिया गया है। इससे वे सुरक्षित तरीके से बात कर सकते हैं। इन स्मार्टफोन में खास ऐप हैं। ये महत्वपूर्ण सूचनाओं को सुरक्षित तरीके से शेयर करने में मदद करते हैं। ये स्मार्टफोन 5G तकनीक पर काम करते हैं। इतना ही नहीं, यह एयरटेल और जियो जैसे नेटवर्क पर भी काम कर सकते हैं।
अब डेटा लीक नहीं होगा
पहले भारतीय सेना के अधिकारी व्हाट्सएप जैसे ऐप का इस्तेमाल करते थे। कई बार इन ऐप के जरिए दस्तावेज लीक हो जाते थे। अब सेना ने नए स्मार्टफोन का इस्तेमाल करके इस समस्या का समाधान कर लिया है। ये स्मार्टफोन पूरी तरह से एन्क्रिप्टेड हैं। इससे सूचनाएं सुरक्षित रखी जा सकती हैं।
ये स्मार्टफोन भारतीय सेना के संचार नेटवर्क को सुरक्षित बनाने के लिए बनाए गए हैं। इससे सेना की स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा मिलेगा। इससे मोबाइल डिवाइस पर संवेदनशील सूचनाएं सुरक्षित रहती हैं।