Uttarakhand Weather Update : उत्तराखंड में कोहरे का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
देहरादून : पिछले दो दिनों से प्रदेश में मौसम साफ रहने के कारण लोगों को राहत मिली है। हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र ने आज (मंगलवार) को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में घने कोहरे के कारण येलो अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मैदानी इलाकों में कोहरे के कारण रात के समय ठंड में वृद्धि हो सकती है, जो लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से ठंड में कुछ राहत मिल सकती है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में शीतलहर चलने से मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 21.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि तीन डिग्री अधिक था। पंतनगर में अधिकतम तापमान पांच डिग्री कम होकर 15.5 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान आठ डिग्री बढ़कर 13 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मौसम के बदलते पैटर्न के कारण तापमान में ये बदलाव देखने को मिल रहे हैं।