सूरत/अहमदाबाद, 08 अप्रैल (हि. स.) | सूरत शहर में कोरोना के बेकाबू होते ही,स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्र से एक टीम सूरत पहुंची है। केंद्र के इस 12 सदस्यीय टीम में 3 वैज्ञानिक, कुछ डॉक्टर और अधिकारी शामिल हैं। यह टीम सूरत कलेक्टरेट में जिला कलेक्टर, नगर आयुक्त और पुलिस आयुक्त की उपस्थिति में एक उच्च स्तरीय बैठक करेगी।
केंद्र की टीम को नगर निगम आयुक्त की ओर से सभी स्थितियों पर जानकारी दी जा रही है। सूरत शहर में कंटेनमेंट ज़ोन, हॉटस्पॉट की संख्या, उनमें निगम क्या कर रहा है, इस बारे में भी जानकारी दी जा रही है। सूरत शहर में दैनिक आधार पर टीकाकरण की जानकारी भी दी गई है। शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मद्देनजर, निगम के धनवंतरी रथ का उपयोग कैसे किया जा रहा है, परीक्षण प्रक्रिया कैसे तेज की जा रही है, इस बारे में सभी आंकड़े केंद्र की टीम के सामने प्रस्तुत किए गए हैं।
सूरत शहर में सरकारी और निजी अस्पतालों की बिस्तर व्यवस्था के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की जा रही है। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए योजना, खासकर कपड़ा और हीरा उद्योग क्षेत्र में एहतियाती उपायों पर भी रिपोर्ट दी गई है। इस बीच सूरत के अलथाण कम्युनिटी हॉल में कोविड अस्पताल आज शाम तक ही शुरू करने का कार्यक्रम है। यहां 200-बेड वाले अस्पताल में ऑक्सीजन के साथ 100 बेड हैं। अस्पताल तीन दिनों के भीतर दिन और रात एक करके तैयार किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/हर्ष/पारस / प्रभात ओझा