अगले महीने उत्तर बंगाल में हो सकती है जीटीए चुनाव की घोषणा

अगले महीने उत्तर बंगाल में हो सकती है जीटीए चुनाव की घोषणा


कोलकाता, 10 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में एक और चुनाव की घोषणा होने जा रही है। राज्य चुनाव आयोग सूत्रों ने बताया है कि उत्तर बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों में गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (जीटीए) का चुनाव जून में हो सकता है। मार्च महीने के अंत में उत्तर बंगाल पहुंची मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घोषणा की थी कि अगले दो से तीन महीने के अंदर चुनाव संपन्न करा दिया जाएंगे। उसी के मुताबिक जून महीने में यहां चुनाव हो सकते हैं। गत 28 मार्च को पहाड़ पर पहुंची मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यहां की चार प्रमुख पार्टियों के साथ बैठक की थी।

पृथक गोरखालैंड की मांग पर लंबे समय तक आंदोलन करते रहे गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (गोजमुमो) अध्यक्ष विमल गुरुंग और अन्य पदाधिकारियों के साथ भी ममता की बैठक हुई थी। इसके बाद उन्होंने कहा था कि वह चाहती हैं कि जीटीए का चुनाव जल्द से जल्द हो। अब खबर है कि गोजमुमो भी जल्द से जल्द चुनाव के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से अर्जी लगा चुकी है। इसलिए जून महीने में यहां चुनाव की घोषणा हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि यहां पिछले तीन सालों से चुनाव नहीं हुए हैं। इसके पहले 2017 में पृथक गोरखालैंड की मांग पर गोरखा जनमुक्ति मोर्चा ने व्यापक आंदोलन किया था जो 104 दिनों तक चला था। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

Share this story