भाजपा महिला मोर्चा का जेम पोर्टल ट्रेनिंग प्रोग्राम

भाजपा महिला मोर्चा का जेम पोर्टल ट्रेनिंग प्रोग्राम


पटना, 06 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को महिला मोर्चा ने जेम पोर्टल ट्रेनिंग प्रोग्राम 'ट्रेन द ट्रेनिंग' रखा गया। इस मौके पर उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि उद्यमी योजना के तहत लोन लेने वाली महिलाओं को जेम पोर्टल से जोड़ने का काम महिला मोर्चा और उद्योग विभाग मिलकर काम करेगा तो इन्हें आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ने में मदद मिलेगी।

बिहार एंपोरियम में उन्होंने सिर्फ बिहार से संबंधित उत्पादों को रखने का आदेश दिया और हुनर हाट के तर्ज पर बिहार के छोटे उद्यमियों को स्टॉल देने का वादा किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं बेतिया सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि जेम पोर्टल अपने आप में पूरी दुनिया है। यह ओपन मार्केट प्लेस है जिसमें छोटे से छोटे उद्योग करने वाला व्यक्ति भी अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।उन्होंने कहा कि कोई भी सरकारी टेंडर या सरकारी विभाग बिना जेम पोर्टल के सामान नहीं खरीद सकता है। कोई भी अपना रजिस्ट्रेशन करके विक्रेता बन सकता है।

उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा अपने टीम की महिला उद्यमियों को इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के साथ ही बाकी सभी महिला उद्यमियों को भी रजिस्ट्रेशन करके इस पोर्टल से जोड़ने का काम करेगी। इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा ने कहा कि जेम पोर्टल सरकार से मान्यता प्राप्त होता है। जो महिलाएं रजिस्टर्ड होंगी वह अपने उद्योग या प्रोडक्ट को भेज सकती हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन ने साढे सात लाख महिला उद्यमियों के रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य रखा है, जिसने बिहार को 75000 महिला उद्यमी को रजिस्ट्रेशन करने का लक्ष्य दिया गया है। इस ट्रेनिंग को देने के लिए दिल्ली से जेम पोर्टल की राष्ट्रीय प्रभारी महिला मोर्चा उषा वाजपेई ने पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से महिलाओं को इसकी उपयोगिता और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना सिखाया।

हिन्दुस्थान समाचार/गोविन्द

Share this story