जानकी नवमी पर राज्यपाल-सीएम और स्पीकर ने दी बधाई

जानकी नवमी पर राज्यपाल-सीएम और स्पीकर ने दी बधाई


पटना, 10 मई (हि.स.)।बिहार में जानकी नवमी का त्योहारआज श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। बिहार के मिथिलांचल में सहित तिरहुत प्रमंडल में जानकी नवमी त्योहार को अधिक धूमधाम से मनाया जाता है। मिथिलांचल को माता सीता का मायका कहा जाता है। इस अवसर पर राज्यपाल फागु चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने लोगों को बधाई दी है।

राज्यपाल फागू चौहान ने माता जानकी के जन्मोत्सव जानकी नवमी के अवसर पर सभी बिहारवासियों और देशवासियों को हार्दिक शुभकामना दी है। उन्होंने कहा कि मां जानकी भारतीय नारी का आदर्श तथा त्याग, तपस्या, संयम, साधना, धैर्य और प्रेम की प्रतिमूर्ति हैं। उनकी सत्यनिष्ठा, चरित्रनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता और पवित्रता हमारे लिए प्रेरक हैं। राज्यपाल ने जानकी नवमी पर्व को शांति, सदभाव और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की है ताकि हमारी वैभवपूर्ण सांस्कृतिक विरासत और अनूठी राष्ट्रीय अस्मिता का संवद्र्धन हो सके।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को जनक नंदिनी माता सीता के जन्मोत्सव जानकी नवमी की बधाई दी है।सीएम ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि माता जानकी की जीवन गाथाओं से हमें त्याग, सेवा, संयम व प्रेम आदि जैसे गुणों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है। उनका जीवन हमारे लिए एक आदर्श है।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने मां जानकी के जन्मोत्सव पर शुभकामनाएं दी हैैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के ह्रदय में विराजमान माता सीता को पवित्रता, संयम, त्याग-तपस्या, संकल्प, प्रेम, करुणा एवं समर्पण का आदर्श रूप माना जाता है। उनके गुणों को आत्मसात कर ही हम उनको सच्चे रूप में नमन कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/गोविन्द

Share this story