बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं दे रही राहत

बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं दे रही राहत


कानपुर, 06 मई (हि.स.)। बीते सप्ताह जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आस पास जा रहा था तो वहीं बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं से तापमान 40 डिग्री के नीचे चल रहा है। इससे काफी हद तक लोगों को भीषण लू से राहत मिल रही है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में आसमान साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोत्तरी होगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से दक्षिण अंडमान सागर और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के आसपास के क्षेत्र में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडल स्तर तक फैल रहा है। ऐसे निम्न दबाव के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की उम्मीद है और अगले 48 घंटों में एक डिप्रेशन में सशक्त हो सकता है। पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा मध्य प्रदेश पर बने चक्रवाती परिसंचरण से विदर्भ, रायलसीमा और तमिलनाडु होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक फैली हुई है। एक अन्य ट्रफ रेखा चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल होते हुए मेघालय तक फैली हुई है।

बताया कि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 60 प्रतिशत और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 44 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्वी रहीं जिनकी औसत गति 3.6 किमी प्रति घंटा रही। भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आसमान साफ रहने के आसार हैं और बारिश की कोई संभावना नहीं है तथा दिन का तापमान बढ़ने एवं हवाओं की गति तेज रहने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय

Share this story