जालंधर में सस्ते प्याज के बाद अब सस्ते में मिलेगी चने की दाल, केंद्र सरकार ने शुरू की ये पहल

अगर आपके पास आधार कार्ड है तो अब आपको सस्ती कीमत पर दाल मिलेगी। केंद्र सरकार पंजाब के जालंधर में सस्ते दाम पर चने की दाल उपलब्ध कराएगी। एक आधार कार्ड पर सिर्फ चार किलो दाल मिलेगी। एक किलो दाल की कीमत 60 रुपये होगी।
जालंधर में सस्ते प्याज के बाद अब सस्ते में मिलेगी चने की दाल, केंद्र सरकार ने शुरू की ये पहल 
न्यूज डेस्क, दून हॉराइज़न, जालंधर (पंजाब)

पंजाब के जालंधर में सस्ते दाम पर प्याज के बाद अब चने की दाल मिलेगी। केंद्र सरकार लोगों को सस्ते भाव में दाल देगी। मंगलवार से जालंधर की मकसूदां सब्जी मंडी की दुकान नंबर-78 में 60 रुपये प्रति किलो चने की दाल मिलेगी।

आधार कार्ड पर ही सस्ते दाम पर दाल मिलेगी। एक आधार कार्ड पर चार किलो चना दाल दी जाएगी। यह काउंटर महज एक घंटे खोला जाएगा। चने की दाल आम किराना की दुकानों पर 90 रुपये प्रति किलो बिक रही है। यह आपूर्ति केंद्र सरकार की नेशनल को-ऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की तरफ से दी जाएगी।

मंगलवार सुबह 10 बजे से दाल आम लोगों को मिलनी शुरू हो जाएगी। हर रोज सुबह 10 बजे से 11 बजे तक ही इसकी बिक्री होगी। वहीं, अधिकारियों के अनुसार बिना आधार कार्ड के किसी को भी दाल नहीं दी जाएगी। इससे पहले जालंधर की मकसूदां मंडी में सस्ता प्याज भी आधार कार्ड पर दिया गया था।

Share this story