सीएम मान ने जताया होमगार्ड जवान की मौत पर दुःख, एक करोड़ देने का किया एलान

कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी स्थित गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा में गुरुवार की सुबह पांच बजे निहंगों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इतना ही नहीं उन्होंने पुलिस पर पथराव किया और किरपानों व तेजधार हथियारों से हमला भी किया। इस दौरान गोली लगने से होमगार्ड जवान की मौत हो गई।
सीएम मान ने जताया होमगार्ड जवान की मौत पर दुःख, एक करोड़ देने का किया एलान
न्यूज डेस्क, दून हॉराइज़न, कपूरथला (पंजाब)

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर सुल्तानपुर लोधी की घटना दौरान जान गंवाने वाले होमगार्ड जवान जसपाल सिंह की मौत पर परिवार से गहरा दुख व हमदर्दी प्रकट की। सीएम ने कहा कि जवान ने अपना फर्ज निभाया।

सरकार आर्थिक मदद के तौर पर एक करोड़ रुपये परिवार को देगी। बाकी के एक करोड़ रुपये बीमा के तहत एचडीएफसी बैंक देगी। भविष्य में परिवार की हर तरह से मदद के लिए सरकार वचनबद्ध है। जसपाल सिंह की बहादुरी को दिल से सलाम।

मृतक होमगार्ड जवान की पहचान जसपाल सिंह निवासी गांव मनियाला के तौर पर हुई है। वहीं सुल्तानपुर लोधी के सिविल अस्पताल पहुंचे घायलों की पहचान डीएसपी भुलत्थ भारत भूषण सैनी, एएसआई सुखदेव सिंह, कांस्टेबल बबलप्रीत सिंह, एएसआई अशोक कुमार, एएसआई गुरमीत सिंह, सुरिंदर सिंह, अमनदीप सिंह, हरभजन सिंह, रमनदीप सिंह और हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। कई पुलिस कर्मियों को मामूली चोट भी आई हैं।

दरअसल, कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी स्थित गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा में गुरुवार की सुबह पांच बजे निहंगों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इतना ही नहीं उन्होंने पुलिस पर पथराव किया और किरपानों व तेजधार हथियारों से हमला भी किया। 

इस दौरान गोली लगने से होमगार्ड जवान की मौत हो गई। वहीं डीएसपी समेत 10 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी को सुल्तानपुर लोधी के सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां से तीन पुलिसकर्मियों को कपूरथला के सिविल अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।

21 नवंबर को गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा पर निहंगों के एक गुट ने हमला कर कब्जा कर लिया था। वहीं दो लोगों को बंधक बना लिया था। इसी मामले में पुलिस गुरुवार की सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी करने पहुंची थी।

Share this story