पंजाब में गुंडागर्दी पर उतरे किसान, पराली जलाने से रोकने आए अधिकारी को बंधक बनाकर किया परेशान

सीएम मान ने वीडियो शेयर करके कहा, 'प्यारे पंजाबियों ये किस राह पर चल पड़े? सरकारी कर्मचारी पराली ना जलाने का संदेश लेकर गया पर उसी से आग लगवा दी। हवा को गुरु साहिब ने गुरु का दर्जा दिया।'
पंजाब में गुंडागर्दी पर उतरे किसान, पराली जलाने से रोकने आए अधिकारी को बंधक बनाकर किया परेशान
न्यूज डेस्क, दून हॉराइज़न, नई दिल्ली

पंजाब के बठिंडा में किसानों की गुंडागर्दी सामने आई है। गांव बुर्ज महिमा में प्रशासन टीम खेतों में पराली को जलाने से रोकने के लिए आई थी, जिसका किसानों ने विरोध किया। इन लोगों ने प्रशासन टीम का घेराव किया।

अधिकारी को बंधक बनाकर परेशान किया गया। लंबी बहसबाजी के बाद किसानों ने प्रशासन टीम के अधिकारी से ही पराली को आग लगवाई। इसका वीडियो भी बनाया गया, जो वायरल हो रहा है। इस मामले में सीएम भगवंत मान ने कड़ा रुख अपनाया है।

उन्होंने एक्स पर इस घटना का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि ऐसा करने वालों पर पर्चा दर्ज हो रहा है। 

सीएम मान ने वीडियो शेयर करके कहा, 'प्यारे पंजाबियों ये किस राह पर चल पड़े? सरकारी कर्मचारी पराली ना जलाने का संदेश लेकर गया पर उसी से आग लगवा दी। हवा को गुरु साहिब ने गुरु का दर्जा दिया।

हम इस दर्जे को बर्बाद करने के लिए अपने हाथों में तीलियां लेकर बच्चों के हिस्से की ऑक्सीजन को खत्म करने में लगे हैं। पर्चा दर्ज होने लगा है।' वहीं, बठिंडा के डी.सी. शौकत अहमद ने चेतावनी दी कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वह खुद घटना वाली जगह पर जाएंगे। उन्होंने किसानों की इस हरकत की निंदा की। डी.सी. ने कहा कि किसानों ने पराली को जलाने से आए रोकने वाले अधिकारी को जबरदस्ती पराली को आग लगाने के लिए मजबूर किया है। किसानों की यह सरेआम गुंडागर्दी है। 

पंजाब के कई शहरों में AQI खतरनाक स्तर पर 

पंजाब में पराली जलाने के मामले थम ही नहीं रहे हैं। पिछले तीन दिनों में पराली जलाने के 5,140 नए मामले दर्ज किए गए हैं। शुक्रवार को 1,551 नए मामलों को दर्ज किया गया। पराली जलाने के कारण पंजाब के कई शहरों में एक्यूआई खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।

शुक्रवार को राज्य के 7 शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 से 300 के बीच रहा, जबकि बठिंडा का एक्यूआई 338 के साथ बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया। ऐसे में कुछ बुजुर्ग लोगों को सांस लेने में परेशानी की शिकायत भी सामने आई है।  

Share this story