पंजाब में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की गई जान, सभी मामलों में केस हुए दर्ज

पंजाब में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की जान चली गई। अबोहर में मां-बेटे और फिरोजपुर में दो युवकों की मौत से मातम पसरा है। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर लिया है।
पंजाब में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की गई जान, सभी मामलों में केस हुए दर्ज
न्यूज डेस्क, दून हॉराइज़न, चंडीगढ़ (पंजाब)

पंजाब के अबोहर जिले के गांव कुत्तियां वाली और खुब्बन के मध्य शुक्रवार देर शाम एक मां और उसके मासूम बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों सड़क पर पहले से घायल लोगों की मदद करने को खड़े। इस दौरान उन्हें किसी अज्ञात घुड़का चालक ने टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार गांव कुत्तियां वाली का रहने वाला 27 वर्षीय मलकीत सिंह अपने चार साल के बेटे अभिजोत को दवा दिलाने अपनी पत्नी दीपू आयु करीब 26 साल के साथ बाइक पर खुब्बन जा रहा था। इसी मार्ग पर एक बाइक व साइकिल की टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल पड़ा था। मदद के उद्देश्य से मलकीत सिंह ने अपनी बाइक वहां पर रोक दी।

मलकीत की पत्नी बच्चे को गोद में लेकर खड़ी थी। इसी दौरान एक घुड़का चालक ने तेज गति से दीपू व बच्चे को टक्कर मार दी। दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। इसके बाद मलकीत आसपास के लोगों की मदद से दोनों को बठिंडा ले जा रहा था।

मगर रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। सीतो पुलिस चौकी के एएसआई बलबीर सिंह मौके पर पहुंचे और मलकीत सिंह के बयान पर अज्ञात घुड़का चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

फिरोजपुर: सड़क हादसे में दो लोगों की मौत

फिरोजपुर जिले के गांव अराइयां वाला और कालू वाला में हुए दो सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। थाना मक्खू व मल्लांवाला पुलिस ने आरोपी चालकों के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।

बीर सिंह निवासी माछीके ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त नवजोत सिंह निवासी माछीके के साथ बाइक पर जीरा से कामकाज कर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही गांव अराइयां वाला के पास पहुंचे तो किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में नवजोत सिंह गंभीर जख्मी हो गया। उसे जीरा के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां उसकी मौत हो गई। 

जसपाल सिंह निवासी इलमे वाला ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई दिलशोक (19) बाइक पर मल्लांवाला जा रहा था। जैसे ही गांव कालू वाला के ईंट भट्ठे के पास पहुंचा तो उसे तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।

कार चालक घटना को अंजाम देकर वहां से फरार हो गया। दिलशोक की मौके पर ही मौत हो गई। थाना मल्लांवाला पुलिस ने आरोपी अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। 

Share this story