Punjab : पंजाब में सीएम भगवंत मान का ऐलान, नहीं दिखा सकते अब ट्रैक्टर से स्टंट

गुरदासपुर की घटना का वहां मौजूद कुछ दर्शकों ने वीडियो बना लिया था और उसे ऑनलाइन साझा किया। इस पर कुछ लोगों ने ऐसे खतरनाक स्टंट पर रोक लगाने की मांग शुरू कर दी, जिसे बाकी लोगों का भी समर्थन मिला।
Punjab : पंजाब में सीएम भगवंत मान का ऐलान, नहीं दिखा सकते अब ट्रैक्टर से स्टंट  
न्यूज डेस्क, दून हॉराइज़न, चंडीगढ़ 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में ट्रैक्टर से स्टंट करने पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। सीएम ने गुरदासपुर में ग्रामीण खेल कार्यक्रम में ट्रैक्टर से करतब दिखाने के दौरान 29 वर्षीय व्यक्ति की मौत के बाद यह फैसला लिया।

इस घटना का वहां मौजूद कुछ दर्शकों ने वीडियो बना लिया था और उसे ऑनलाइन साझा किया। इस पर कुछ लोगों ने ऐसे खतरनाक स्टंट पर प्रतिबंध लगाने की मांग शुरू कर दी। ट्रैक्टर से करतब दिखाने का खेल पंजाब के ग्रामीण इलाकों में खेल आयोजनों में एक आम बात है।

भगवंत मान ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में कहा, 'प्रिय पंजाबियों, ट्रैक्टर को खेतों का राजा कहा जाता है। इसे मृत्यु का दूत मत बनाओ। पंजाब में ट्रैक्टर और संबंधित उपकरणों के साथ किसी भी तरह के स्टंट (करतब) या खतरनाक प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है।

इस बारे में बाकी विवरण जल्द ही जारी किया जाएगा।' सुखमनदीप सिंह शनिवार को फतेहगढ़ चूड़ियां के सरचुर गांव में मेले में ट्रैक्टर से करतब दिखा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। 

पिछले टायरों पर खड़ा था ट्रैक्टर और फिर...

सुखमनदीप करतब दिखाने के दौरान ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था जब ट्रैक्टर अपने पिछले टायरों पर खड़ा था और उसका इंजन घूम रहा था। इस दौरान सुखमनदीप का एक पैर कीचड़ में फंस गया और वह गिर पड़े। इस तरह वे ट्रैक्टर की चपेट में आ गए।

सुखमनदीप सिंह को एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी मौत हो गई। ऐसे आयोजनों में करतब दिखाने वाले युवाओं को न केवल नकद पुरस्कार मिलते हैं, बल्कि उन्हें लोकप्रियता भी मिलती है और कुछ तो अपने वीडियो सोशल मीडिया मंच पर भी पोस्ट करते हैं।

हालांकि, गुरदासपुर की घटना का जो वीडियो सामने आया उसे देखने के बाद लोग भड़क गए थे। इंटरनेट यूजर्स की ओर से यह मांग उठाई जाने लगी कि ट्रैक्टर से स्टंट करने पर रोक लगाई जानी चाहिए। 

Share this story