विपश्यना साधना के लिए विशाखापत्तनम जाएंगे पंजाब के CM मान, 4 दिन विशाखापत्तनम में चलेगी साधना

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बाद पंजाब के सीएम भगवंत मान विपश्यना के लिए विशाखापट्टनम को रवाना हो गए हैं। वे वहां 4 दिनों तक रहकर साधना करेंगे।
विपश्यना साधना के लिए विशाखापत्तनम जाएंगे पंजाब के CM मान, 4 दिन विशाखापत्तनम में चलेगी साधना
न्यूज डेस्क, दून हॉराइज़न, चंडीगढ़ (पंजाब)

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बाद पंजाब के सीएम भगवंत मान विपश्यना के लिए विशाखापट्टनम को रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि वे वहां 4 दिनों तक रहकर साधना करेंगे।

इसके बाद शनिवार को दिल्ली लौटेंगे और फिर 7-8 जनवरी को गुजरात जाएंगे। गुजरात में उनका लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार करने का प्रोग्राम है। उधर, साधना के लिए आंध्र प्रदेश रवाना हुए मान पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। 

इससे पहले दिसम्बर में आम आदमी पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दस दिन की विपश्यना के लिए होशियारपुर आए थे। वे होशियारपुर-ऊना रोड पर गांव महिलांवाली से आनंदगढ़ की ओर जाने वाली सड़क पर धम्म धज्ज विपश्यना केंद्र में रुके थे।

ईडी ने केजरीवाल को समन भेजकर 21 दिसंबर को पेश होने के लिए कहा था, लेकिन केजरीवाल ध्यान के बहाने होशियारपुर पहुंच गए थे। 

मान की साधना पर बीजेपी ने उठाए सवाल

पंजाब भाजपा चीफ सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया है कि होशियारपुर की बजाय आंध्रप्रदेश जा कर भगवंत मान ने साबित किया है केजरीवाल विपश्यना के लिए नहीं बल्कि केंद्रीय एजेंसियों से बचने के लिए होशियारपुर आए थे।

सुनील जाखड़ ने तंज कसने हुए X पर कमेंट किया है कि मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री भगवंत मान चार दिनों के लिए ध्यान करने के लिए आंध्रप्रदेश जा रहे हैं। ये बहुत अजीब है। क्या ऐसा करके वह यह साबित करने की कोशिश कर रहे हैं कि पंजाब का होशियारपुर ध्यान केंद्र अच्छा नहीं है।

क्या यह केजरीवाल को इस आरोप में बेनकाब करने के लिए है कि होशियारपुर में उनका प्रवास विपश्यना साधना के लिए नहीं बल्कि केंद्रीय एजेंसियों से सुरक्षित आश्रय लेने के लिए था? ऐसा भी लग हो सकता है कि भगवंत मान ऐसी घड़ी में खुद को दिल्ली से दूर करने की कोशिश कर रहे हैं, जब अरविंद केजरीवाल को ईडी के सामने पेश होना है और मामला गर्म होने की संभावना है। 

विपश्यना के बाद केजरीवाल को रिसीव करने पहुंचे थे मान

होशियारपुर जिले के आनंदगढ़ गांव स्थित विपश्यना मेडिटेशन सेंटर में 19 दिसंबर की रात से साधना करने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को रिसीव करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान होशियारपुर पहुंचे थे।

सीएम भगवंत मान 29 दिसंबर को ही चौहाल पहुंच गए थे। पंजाब के सीएम को 30 दिसंबर को आना था, लेकिन वह एक दिन पहले ही होशियारपुर पहुंच गए। दिल्ली के सीएम केजरीवाल आनंदगढ़ के विपश्यना मेडिटेशन सेंटर से सीधे चौहाल पहुंचे, जहां सीएम मान ने उनका स्वागत किया था। 
 

Share this story