हिमाचल कांग्रेस की डमी अध्यक्ष हैं प्रतिभा सिंह: संजय टंडन

हिमाचल कांग्रेस की डमी अध्यक्ष हैं प्रतिभा सिंह: संजय टंडन


शिमला, 06 मई (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि भाजपा पन्ना समिति पर काम करती है जबकि कांग्रेस पार्टी प्रदेश अध्यक्ष समिति पर काम कर रही है। कांग्रेस ने एक अध्यक्ष और चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाए हैं, जो इस कथन को साबित करते हैं। संजय टंडन शुक्रवार को शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस रिमोट कंट्रोल से चल रही है क्योंकि वर्तमान कांग्रेस कार्यसमिति इस बात का आदर्श उदाहरण है। ऐसा लगता है कि प्रतिभा सिंह कांग्रेस की डमी अध्यक्ष हैं। संजय टंडन ने तंज कसा कि कांग्रेस अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का फैसला नहीं ले सकती, वे यह राज्य कैसे चला सकते हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल में रिमोट कंट्रोल सरकार नहीं चला रहे है, भाजपा एक स्व-चालित सरकार चला रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पंजाब और नई दिल्ली सरकार राज्य में अराजकता की स्थिति में है, आम आदमी पार्टी का मॉडल पूरी तरह से विफल हो गया है। आम आदमी पार्टी के नेता निराश हैं और भाजपा नेताओं पर झूठे केस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा हिमाचल में अपने सभी ग्राम केंद्र सम्मेलन संपन्न करने वाली है। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रभारी अविनाश राय खन्ना, अध्यक्ष सुरेश कश्यप और संगठन महामंत्री पवन राणा ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा के पास 2069 ग्राम केंद्र प्रमुख हैं जो बूथ स्तर पर लगभग 500 लोगों का नेतृत्व करते हैं और इस प्रकार बूथ पर एक लाख से अधिक सक्रिय कार्यकर्ता हैं। ये सभी कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने के लिए कटिबद्ध हैं। भाजपा ने महंगाई पर लगाम लगाई है और हम गरीबों की विभिन्न योजनाओं से मदद कर रहे हैं। प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण ने गरीबों की बहुत मदद की है, मोदी ने आयुष्मान भारत दिया है जिसने कोविड के समय में गरीबों की काफी मदद की।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्जवल

Share this story