मोहाली में ग्रेनेड हमले पर आक्रामक हुआ विपक्ष

मोहाली में ग्रेनेड हमले पर आक्रामक हुआ विपक्ष


चंडीगढ़, 05 मई (हि.स.)। पंजाब के मोहाली स्थित इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर पर हुए ग्रेनेड हमले पर विपक्ष ने सरकार को घेरा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी पंजाब सरकार का बचाव कर रहे हैं। कांग्रेस, अकाली दल व भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि आए दिन हो रही घटनाओं ने पंजाब की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पंजाब सरकार को ठोस रणनीति अपनाने की जरूरत है। पिछले डेढ़ माह में हुई घटनाओं से पंजाबवासियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष एवं पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि मोहाली घटना से स्तब्ध हूं। मोहाली धमाके ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पंजाब की कानून-व्यवस्था एक बार फिर से सवालों के घेरे में है। इस घटना की मजबूती से जांच करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत है।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब इंटेलीजेंस ब्यूरो मुख्यालय में हुआ धमाका चिंता का विषय है। पंजाब पुलिस इस धमाके को मामूली बता रही है। मुख्यमंत्री पंजाब में खराब हो रही कानून व्यवस्था पर ध्यान दें। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पंजाब लोक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि शुक्र है पुलिस के जवान सुरक्षित हैं। इस तरह के हमलों को रोकने के लिए रणनीति बनाने की जरूरत है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/मुकुंद

Share this story