देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग एक्सक्लूसिव फैक्ट चेक

देहरादून के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शराब पीकर मचाया हुड़दंग, हरियाणा के 3 युवक गिरफ्तार

देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले हरियाणा के 3 युवकों को रायपुर पुलिस ने हिरासत में लिया है। वायरल वीडियो पर एसएसपी ने कड़ा एक्शन लिया।

Published On: September 11, 2026 5:51 PM
dehradun stadium viral video police action

HIGHLIGHTS

  • सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर एसएसपी देहरादून ने दिए थे कार्रवाई के निर्देश।
  • हरियाणा के सोनीपत और हिसार जिले के रहने वाले हैं तीनों हुड़दंगी युवक।
  • राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर के परिसर में शराब पीकर मचा रहे थे बवाल।
  • रायपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में लिया।

दून हॉराइज़न, देहरादून (11 सितंबर): राजधानी देहरादून के प्रतिष्ठित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम परिसर में बैठकर शराब पीना और फिर हुड़दंग मचाना बाहरी युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर उपद्रव का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद दून पुलिस हरकत में आई और मौके से तीन युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए तीनों आरोपी पड़ोसी राज्य हरियाणा के रहने वाले हैं।

इंटरनेट पर वायरल वीडियो से खुली पोल

शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कुछ युवक रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के भीतर खुलेआम शराब का सेवन करते और अराजकता फैलाते नजर आ रहे थे। खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने इस पर भारी नाराजगी जताई। मामला संज्ञान में आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP Dehradun) ने रायपुर थाना पुलिस को तुरंत मौके पर पहुंचकर उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए।

रायपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबोचा

एसएसपी का फरमान मिलते ही रायपुर पुलिस की टीम तुरंत स्टेडियम परिसर में दाखिल हुई। पुलिस ने मौके पर मौजूद चश्मदीदों और वीडियो फुटेज के आधार पर हुड़दंगियों को चिन्हित किया और तीनों को हिरासत में ले लिया। तीनों आरोपियों को तुरंत थाने लाकर पुलिस एक्ट और शांति भंग से जुड़ी संबंधित धाराओं में पाबंद करते हुए विधिक कार्रवाई शुरू की गई। खेल परिसर जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील स्थान पर इस तरह खुलेआम नशाखोरी को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।

हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान

पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान योगेश दहिया (34 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र दहिया निवासी ग्राम बड़खाल (थाना राई, जिला सोनीपत), सचिन (34 वर्ष) पुत्र संजय कुमार निवासी ग्राम राई (थाना राई, जिला सोनीपत) और भूपेश कुमार (28 वर्ष) पुत्र सुरिंदर सिंह निवासी शांतिकुंज कॉलोनी, कैमरी रोड (थाना कैमरी, जिला हिसार, हरियाणा) के रूप में हुई है।

दून पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि बाहरी राज्यों से आकर शहर के सार्वजनिक व पर्यटन स्थलों पर माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment