home ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम मनोरंजन बिजनेस ऑटो गैजेट्स खेल हेल्थ लाइफस्टाइल धर्म राशिफल लव राशिफल अंक राशिफल पंचांग करियर ट्रेंडिंग वीडियो

14 और 15 जून को भवाली-कैंची रोड जीरो जोन, घर से निकलने से पहले देखें नया रूट प्लान

नीम करोली बाबा के विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस मेले को लेकर नैनीताल और अल्मोड़ा पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा व यातायात नियम लागू किए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए 14 और 15 जून को कैंची-भवाली रोड को पूरी तरह जीरो जोन घोषित करते हुए रूट डायवर्जन और शटल बस सेवा की व्यवस्था की गई है।

14 और 15 जून को भवाली-कैंची रोड जीरो जोन, घर से निकलने से पहले देखें नया रूट प्लान

HIGHLIGHTS

  • 14 और 15 जून को कैंची धाम क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
  • भवाली-कैंची मार्ग जीरो जोन रहेगा, केवल आपातकालीन वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति होगी।
  • बागेश्वर और पिथौरागढ़ से हल्द्वानी की ओर आने वाले वाहनों को लमगड़ा मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
  • श्रद्धालुओं के लिए रोडवेज और केमू की करीब 350 बसों को शटल सेवा में लगाया गया है।

नैनीताल/अल्मोड़ा, 13 जून (दून हॉराइज़न)। बाबा नीम करोली के कैंची धाम के स्थापना दिवस मेले के दौरान कानून व्यवस्था और सुचारू यातायात बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है। भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 14 और 15 जून को धाम क्षेत्र में सुरक्षा और पाबंदियों के कड़े निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान कैंची धाम के आसपास बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।

भवाली-कैंची रोड जीरो जोन, सड़क किनारे व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक

यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए प्रशासन ने 14 और 15 जून को कैंची-भवाली रोड को ‘जीरो जोन’ घोषित किया है। इस अवधि में इस मार्ग पर किसी भी तरह के निजी और यात्री वाहनों का संचालन नहीं हो सकेगा। सिर्फ एम्बुलेंस और दमकल जैसे आपातकालीन वाहनों को ही इस मार्ग पर जाने की छूट होगी।

इसके साथ ही सुरक्षा के लिहाज से भवाली से कैंचीधाम, भवाली से भीमताल और भवाली से नैनीताल मार्ग पर सड़क किनारे स्टॉल लगाने, फूड वैन खड़ी करने और बिना अनुमति के भंडारे आयोजित करने पर पूरी पाबंदी लगा दी गई है। दुरुपयोग रोकने के लिए निजी एम्बुलेंस वाहनों की भी सघन चेकिंग होगी, जिसमें मेडिकल उपकरण और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

अल्मोड़ा पुलिस का डायवर्जन प्लान (13 से 16 जून तक)

मेले के दौरान अल्मोड़ा और आसपास के जिलों से आने वाले ट्रैफिक के लिए अल्मोड़ा पुलिस प्रशासन ने 13 से 16 जून तक का डायवर्जन प्लान जारी किया है।

बागेश्वर, गरुड़ और सोमेश्वर से हल्द्वानी जाने वाले वाहन: इन वाहनों को सिकुड़ा बैंड से डायवर्ट कर वाया लमगड़ा होते हुए हल्द्वानी भेजा जाएगा।

पिथौरागढ़, शेराघाट, बेरीनाग और गंगोलीहाट से हल्द्वानी जाने वाले वाहन: इन क्षेत्रों की गाड़ियों को बाड़ेछीना-सुवाखान तिराहा से वाया लमगड़ा मार्ग पर भेजा जाएगा।

श्रद्धालुओं के लिए 350 बसें चलाएंगी शटल सेवा

स्थापना दिवस महोत्सव को लेकर परिवहन विभाग ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आरटीओ प्रशासन डॉ. गुरदेव सिंह की अध्यक्षता में हुई सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों की बैठक में बताया गया कि हल्द्वानी संभाग से 5 एआरटीओ समेत कुल 77 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी मेला क्षेत्र में लगाई गई है।

श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थलों से मंदिर तक पहुंचाने के लिए कुमाऊं मोटर्स ऑनर्स यूनियन (केमू) की 250 बसों और हल्द्वानी-काठगोदाम डिपो की करीब 100 रोडवेज बसों को मिलाकर कुल 350 से अधिक बसों को शटल सेवा में उतारा गया है।

ये बसें 14 जून की सुबह से ही निर्धारित शटल पॉइंट्स पर तैनात रहेंगी। इस व्यवस्था के कारण रविवार सुबह से ही पर्वतीय रूटों पर सामान्य यात्रियों के लिए बसों की उपलब्धता कुछ कम रह सकती है। रोडवेज प्रबंधन ने मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए 14 और 15 जून को चालकों व परिचालकों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं।


देश और दुनिया की ताज़ा ख़बरों (Latest Hindi News) के लिए जुड़े रहें Doon Horizon के साथ। राजनीति (Politics), खेल, मनोरंजन, टेक्नोलॉजी और एजुकेशन से जुड़े हर लाइव अपडेट (Live Updates) और ब्रेकिंग न्यूज़ (Breaking News in Hindi) सबसे पहले पाएं। पढ़िए आपके काम की हर बड़ी खबर, सिर्फ एक क्लिक पर।


Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment