ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

दून में फर्जी पत्रकार का बड़ा खेल, प्रापर्टी डीलर से मांग रहा था 5 लाख

दून हॉराइज़न ब्यूरो,
Published by: Harpreet Singh Updated Tue, 20 Oct 2026 02:05 PM IST

देहरादून में फर्जी न्यूज चैनल संचालक और हिस्ट्रीशीटर अनुज अग्रवाल को पुलिस ने किया गिरफ्तार। प्रापर्टी डीलर से मांग रहा था 5 लाख की रंगदारी।

Dehradun fake journalist arrested

मुख्य बातें

  • फर्जी न्यूज चैनल की आड़ में प्रापर्टी डीलर से 5 लाख की मांग
  • डायरी में सीक्रेट चैंबर बनाकर लोगों के गोपनीय वीडियो बनाता था आरोपी
  • पटेलनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है आरोपी, कई राज्यों में दर्ज हैं मुकदमे

देहरादून (20 अक्टूबर) : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पत्रकारिता की आड़ में चल रहे एक बड़े ब्लैकमेलिंग रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने खुद को एक न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताकर प्रापर्टी डीलर से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और झूठी खबर चलाने की धमकी देने वाले शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है, जिसमें बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

डायरी में सीक्रेट चैंबर बनाकर बनाता था खुफिया वीडियो

पुलिस पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से मिली डायरी ने सबको हैरान कर दिया। आरोपी ने इस डायरी के अंदर मोबाइल फोन छिपाने के लिए एक विशेष ‘सीक्रेट चैंबर’ बना रखा था। इसके जरिए वह लोगों के गोपनीय रूप से वीडियो शूट करता था। पुलिस को उसके मोबाइल से कई अन्य व्यक्तियों के भी खुफिया वीडियो मिले हैं, जिनकी प्रामाणिकता और इस्तेमाल की गहनता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इसी तरह लोगों को ब्लैकमेल कर अपनी धमक बनाता था।

गैंगस्टर और गुंडा एक्ट समेत कई राज्यों में फैला है जाल

गिरफ्तार किए गए तथाकथित पत्रकार की पहचान अनुज अग्रवाल पुत्र स्व. आर.एल. अग्रवाल (निवासी बिजनौर, हाल निवासी द्वारिका पुरी, क्लेमेंट टाउन, देहरादून) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी पटेलनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पूर्व में धोखाधड़ी, मारपीट, गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत नौ मुकदमे दर्ज हैं।

हैरानी की बात यह है कि उसका आपराधिक इतिहास सिर्फ उत्तराखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि मध्य प्रदेश, पंजाब, ओडिशा और गुजरात में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिनकी पुष्टि की जा रही है।

प्रापर्टी विवाद में फंसाकर ऐंठे थे पचास हजार रुपये

वादी तनवीर खान ने पटेलनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह देहरादून में प्रापर्टी का काम करते हैं और उनका चाँचक क्षेत्र की एक जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए संपर्क कर उनकी प्रापर्टी से जुड़ी खबरें चलाकर उन्हें बर्बाद करने की धमकी दी थी।

डर की वजह से पीड़ित ने आरोपी के बताए बैंक खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर भी कर दिए थे। एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आईएसबीटी के पास से आरोपी को दबोच लिया। पुलिस अब उसके पूरे नेटवर्क और सहयोगियों की कुंडली खंगाल रही है।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment