ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

‘Operation Prahar’ का बड़ा असर, उत्तराखंड में अब तक 11 हथियार तस्कर गिरफ्तार

उत्तराखंड में ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध हथियारों की तस्करी का पुलिस ने बड़ा भंडाफोड़ किया है। नैनीताल और उधम सिंह नगर जिले में हुई ताबड़तोड़ छापेमारी में तस्करों के पास से पिस्टल और तमंचों की भारी खेप बरामद हुई है।

'Operation Prahar' का बड़ा असर, उत्तराखंड में अब तक 11 हथियार तस्कर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS

  • चोरगलिया पुलिस ने 8 तमंचे और 10 कारतूस पकड़े
  • एसटीएफ की टीम ने काशीपुर में फईम को दबोचा
  • फर्जी लाइसेंस मामले में 11 आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी
  • एसएसपी ने पुलिस टीम को दिया 2500 का इनाम

हल्द्वानी, 28 जून 2026 (दून हॉराइज़न)।

Operation Prahar : नैनीताल पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरगलिया इलाके में भारी असलहों की खेप पकड़ी है। एसओजी और चोरगलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 27 जून को एमवीआर गेट पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर गलफार गेट जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध युवक रियासत पुत्र रईस अहमद निवासी सितारगंज को मौके से गिरफ्तार किया है।

आरोपी रियासत के बैग की तलाशी में पुलिस को दो देसी 12 बोर और छह देसी 315 बोर के कुल आठ तमंचे बरामद हुए। दस जिंदा कारतूस भी पुलिस टीम ने मौके से जब्त किए हैं। थाना चोरगलिया में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि आरोपी से हथियारों के सप्लाई नेटवर्क की पूछताछ की जा रही है। इस भारी रिकवरी वाले ऑपरेशन में शामिल एसओजी और चोरगलिया पुलिस की टीम को 2500 रुपए का नकद इनाम दिया गया है।

स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने देर रात काशीपुर क्षेत्र में सघन छापेमारी कर फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले में 11वें आरोपी को धर दबोचा। उधम सिंह नगर जिले के थाना कुंडा क्षेत्र अंतर्गत बसई चौक, हरियावाला चौराहा निवासी 24 वर्षीय फईम अहमद को एसटीएफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। फईम के पास से एक .32 बोर की सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और नौ जिंदा कारतूस मिले हैं।

फईम ने शाहजहांपुर के पते पर अपना फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाया था जिसकी गहराई से पुलिस महकमा जांच कर रहा है। एसटीएफ ने इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 4 जून 2026 को काशीपुर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की टीमें अब इस फर्जी लाइसेंस सिंडिकेट में शामिल सफेदपोशों की सरगर्मी से तलाश में जुटी हैं।

राज्य के विभिन्न जिलों में अब तक ऑपरेशन प्रहार के तहत तीन मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने साफ किया है कि किसी भी व्यक्ति, लाइसेंस धारक या हथियार सप्लायर की संलिप्तता सामने आने पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में अब तक 11 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 15 अवैध हथियार, 350 कारतूस और दर्जनों संदिग्ध लाइसेंस पुलिस के कब्जे में हैं।

Advertisement

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment