देहरादून, 04 जून (दून हॉराइज़न)। देहरादून में गुरुवार रात ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस और राजस्थान के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के नयागांव में हुई इस क्रॉस फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को दून अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, पुलिस ने जंगल में कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसके एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों के मुताबिक, ये बदमाश विकासनगर क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से देहरादून पहुंचे थे। फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें सघन चेकिंग कर रही हैं।
बैरियर तोड़कर पुलिस पर किया फायर
घटनाक्रम गुरुवार रात का है, जब पटेलनगर पुलिस नयागांव बैरियर पर रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान देहरादून की तरफ से आ रही राजस्थान नंबर (RJ02CH7781) की एक सफेद स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया गया।
पुलिस के अनुसार, कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस टीम पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। बदमाश बैरियर तोड़ते हुए सिंहनीवाला की तरफ भाग निकले।
इसके बाद सिटी कंट्रोल रूम को सूचना देकर पुलिस टीम ने अपने निजी और चीता पुलिस के सरकारी वाहनों से बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में बदमाश को लगी गोली
खुद को घिरता देख बदमाशों ने चांदनी चौक से रामगढ़ के रपटे की ओर गाड़ी मोड़ दी। गाड़ी वहीं छोड़कर वे जंगल की ओर भागने लगे और पीछा कर रही पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की एक गोली पुलिस के प्राइवेट वाहन के शीशे पर भी लगी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी। घायल अवस्था में उसे दबोच लिया गया। उसकी पहचान 30 वर्षीय रिंकू मीणा के रूप में हुई है, जो राजस्थान के दौसा जिले का रहने वाला है।
विकासनगर में थी बड़ी वारदात की तैयारी
पुलिस पूछताछ में घायल रिंकू मीणा ने बताया कि वे अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर विकासनगर इलाके में कोई बड़ी घटना करने आए थे।
इसी बीच रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भागे अन्य बदमाशों की तलाश में एसओजी और थाना पुलिस ने जंगलों में काम्बिंग शुरू की। इस दौरान एक अन्य आरोपी विनोद कुमार मीणा (निवासी करौली, राजस्थान) को भी हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
आपराधिक रिकॉर्ड और बरामदगी
पकड़े गए दोनों बदमाशों का राजस्थान में लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। रिंकू और विनोद पर राजस्थान के दौसा, करौली, सवाई माधोपुर और जयपुर में हत्या, हत्या के प्रयास और अपहरण के कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने मौके से स्विफ्ट कार, 315 बोर के दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं। पटेलनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले (धारा-109(1), 3(5) बीएनएस) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।













