ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

देहरादून से पिथौरागढ़ अब सिर्फ 60 मिनट में, CM धामी ने दिखाई 42 सीटर विमान को झंडी

दून हॉराइज़न ब्यूरो,
Published by: Harpreet Singh Updated Thu, 26 Mar 2026 03:40 PM IST

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच 42 सीटर एलाइंस एयर विमान सेवा का विधिवत उद्घाटन किया। यह सेवा दोनों शहरों के बीच यात्रा समय को घटाकर महज एक घंटा कर देगी, जो सामरिक और आर्थिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

देहरादून से पिथौरागढ़ अब सिर्फ 60 मिनट में, CM धामी ने दिखाई 42 सीटर विमान को झंडी

मुख्य बातें

  • एलाइंस एयर का 42 सीटर विमान अब नियमित रूप से देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच उड़ान भरेगा।
  • पिथौरागढ़ के नैनी सैनी एयरपोर्ट के विकास के लिए सरकार ₹450 करोड़ का निवेश कर रही है।
  • उत्तराखंड में हेलीपैड्स की संख्या 60 से बढ़कर 118 और हेलिपोर्ट्स 2 से बढ़कर 12 हो चुके हैं।

देहरादून। उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ और राजधानी देहरादून (Dehradun-Pithoragarh Flight Service) की दूरी अब सिमट कर केवल 60 मिनट रह गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रामनवमी के पावन अवसर पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट से बहुप्रतीक्षित देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

एलाइंस एयर द्वारा संचालित यह 42 सीटर विमान सेवा न केवल आम यात्रियों के लिए सुगम होगी, बल्कि सामरिक दृष्टिकोण से चीन सीमा के करीब स्थित पिथौरागढ़ के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ किया कि यह सेवा दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का एक बड़ा माध्यम बनेगी।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को याद करते हुए कहा कि एक दौर था जब हवाई यात्रा सिर्फ खास लोगों तक सीमित थी। आज ‘उड़ान’ योजना के कारण हवाई चप्पल पहनने वाला नागरिक भी आसमान की दूरी नाप रहा है। केंद्र सरकार ने हाल ही में उड़ान 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में ₹29,000 करोड़ के बजट से 100 नए हवाई अड्डे और 200 नए हेलीपैड तैयार किए जाएंगे।

उत्तराखंड जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य के लिए यह सेवाएं किसी जीवन रेखा से कम नहीं हैं। आपातकालीन स्थिति में गंभीर मरीजों को एयरलिफ्ट करने से लेकर रसद पहुंचाने तक में इन विमानों की भूमिका अहम होगी। वर्तमान में राज्य में 26 हवाई मार्गों पर संचालन हो रहा है, जिसमें से 6 मार्ग विशेष तौर पर “उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना” के तहत एक्टिव हैं।

पिथौरागढ़ के बुनियादी ढांचे को लेकर धामी सरकार ने बड़े दांव लगाए हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि नैनी सैनी हवाई अड्डे को ₹450 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) और राज्य सरकार के बीच इस एयरपोर्ट के अधिग्रहण को लेकर एमओयू भी साइन हो चुका है, जिससे भविष्य में यहां से बड़े विमानों की आवाजाही और आसान होगी।

सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच भी हेली सेवा शुरू कर दी है। पिछले चार वर्षों के भीतर प्रदेश में बुनियादी ढांचे में भारी उछाल आया है, जहां हेलीपैड्स की संख्या 60 से बढ़कर 118 पहुंच गई है। नागरिक उड्डयन क्षेत्र में इस शानदार प्रदर्शन के लिए उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने भी वीडियो संदेश के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी और एलाइंस एयर के सीएमडी अमित कुमार सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment