home ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम मनोरंजन बिजनेस ऑटो गैजेट्स खेल हेल्थ लाइफस्टाइल धर्म राशिफल लव राशिफल अंक राशिफल पंचांग करियर ट्रेंडिंग वीडियो

लोगों की जान बचाने वाले केशव नेगी को जेल? बेटी का छलका दर्द, बोलीं- ‘मेरे पिता को फंसाया गया’

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में पौड़ी निवासी शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी के बाद उत्तराखंड में सियासी और सामाजिक उबाल आ गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी से लेकर सांसदों और विपक्षी नेताओं ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए निर्दोष कर्मचारी को न फंसाने की अपील की है।

लोगों की जान बचाने वाले केशव नेगी को जेल? बेटी का छलका दर्द, बोलीं- 'मेरे पिता को फंसाया गया'

HIGHLIGHTS

  • बेटी का दावा: पिता ने जान पर खेलकर लोगों को बचाया, नीचे गद्दे बिछाए।
  • सरकारी हस्तक्षेप: मुख्यमंत्री धामी ने दिल्ली की सीएम से वार्ता कर न्याय का भरोसा मांगा।
  • विपक्ष का प्रहार: कांग्रेस का आरोप, दोषियों को बचाने के लिए केशव नेगी को बनाया जा रहा मोहरा।
  • जनसमर्थन: सोशल मीडिया पर शेफ केशव नेगी की रिहाई के लिए चला अभियान।

देहरादून, 8 जून (दून हॉराइज़न)। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में उत्तराखंड के एक शेफ की गिरफ्तारी ने राज्य का सियासी पारा चढ़ा दिया है। पौड़ी जिले के निवासी केशव नेगी को दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदेशभर में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर नेगी के समर्थन में बड़ा अभियान शुरू हो गया है। वहीं सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दिल्ली पुलिस और सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बेटी का आरोप – असली दोषियों को बचाने की कोशिश

घटना के बाद केशव नेगी की बेटी कनिष्का ने पुलिस की कार्रवाई को सिरे से गलत ठहराया है। कनिष्का का कहना है कि उनके पिता को इस हादसे में फंसाया जा रहा है। जिस वक्त आग लगी, केशव होटल के किचन में मौजूद थे, जहां बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रिक सामान और गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग तेजी से फैली, लेकिन केशव ने उसे बुझाने का भरसक प्रयास किया।

कनिष्का के मुताबिक, जब धुआं बहुत ज्यादा हो गया, तब उन्हें बाहर निकलना पड़ा। केशव और होटल मैनेजर ने तुरंत मालिक को फोन पर घटना की जानकारी दी थी। इतना ही नहीं, जब लोग जान बचाने के लिए इमारत से कूदने लगे, तो उनके पिता ने नीचे गद्दे बिछाकर कई लोगों को गंभीर चोटों से बचाया।

सीएम धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री से की वार्ता

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बात की है। सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार केशव नेगी और उनके परिवार के साथ खड़ी है। दिल्ली की सीएम ने आश्वस्त किया है कि किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जांच पूरी तरह साक्ष्यों पर आधारित होगी। मुख्यमंत्री ने कनिष्का नेगी से भी फोन पर बात कर उन्हें हर संभव कानूनी मदद का भरोसा दिलाया है।

सांसदों और कांग्रेस नेताओं ने खोला मोर्चा

नेगी की गिरफ्तारी पर उत्तराखंड के सांसदों ने भी कड़ी नाराजगी जताई है। नैनीताल सांसद अजय भट्ट, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से वार्ता कर निष्पक्ष कार्रवाई की पैरवी की है। अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गिरफ्तारी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। वहीं, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भी मामले में न्याय सुनिश्चित करने की बात कही।

इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व सीएम हरीश रावत ने भी राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि एक सामान्य कर्मचारी को असली दोषियों को बचाने के लिए फंसाया जा रहा है। नेताओं ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

30 साल से दिल्ली में काम कर रहे हैं केशव

केशव नेगी मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के थलीसैण ब्लॉक स्थित रिखोली गांव के रहने वाले हैं। ग्राम प्रधान प्रेम लाल के अनुसार, वह पिछले 30 सालों से रोजगार के सिलसिले में राज्य से बाहर हैं और वर्तमान में उनका परिवार दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके में रहता है। पति की गिरफ्तारी से पत्नी सुंदरी देवी गहरे सदमे में हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने केशव को बिना किसी पुख्ता आधार के थाने में बिठा रखा है।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment