देहरादून, 28 नवंबर : उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के संशोधित कैलेंडर में 11 भर्ती परीक्षाओं की तारीखें शामिल हैं। परीक्षाओं का सिलसिला 29 नवंबर 2026 से शुरू होकर जुलाई 2027 तक चलेगा। इसमें पीसीएस, लोअर पीसीएस से लेकर इंजीनियरिंग और सचिवालय की भर्तियां शामिल हैं।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की ओर से जारी कार्यक्रम में अलग-अलग विभागों के पदों के लिए प्रारंभिक, मुख्य और लिखित परीक्षाओं की संभावित तारीखें दी गई हैं। सबसे पहले कार्मिक विभाग की उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा होगी। इसके बाद दिसंबर में प्रवक्ता और लोअर पीसीएस की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
नवंबर से जनवरी तक होंगी पांच भर्ती परीक्षाएं
आयोग के कैलेंडर के अनुसार, 29 नवंबर 2026 को कार्मिक विभाग की उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित है। इसके बाद 6 दिसंबर 2026 को माध्यमिक शिक्षा विभाग की राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 के अंतर्गत कला विषय की मुख्य परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार) आयोजित होगी।
दिसंबर में ही एक और बड़ी परीक्षा होगी। 27 दिसंबर 2026 को कार्मिक विभाग की उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित की गई है। यह परीक्षा लोअर पीसीएस के अभ्यर्थियों के लिए होगी।
नए साल 2027 की शुरुआत भी भर्ती परीक्षाओं के साथ होगी। 6 जनवरी को नैनीताल हाईकोर्ट के अधिष्ठान अनुभाग के लिए वैयक्तिक सहायक-2025 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें वस्तुनिष्ठ और लिखित यानी परंपरागत प्रकार की परीक्षा शामिल है।
इसके बाद 30 जनवरी 2027 को माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 की गृह विज्ञान विषय की मुख्य परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार) होगी। इस तरह नवंबर से जनवरी के बीच पांच परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।
अप्रैल से मई तक इन विभागों में होंगी परीक्षाएं
अगले साल अप्रैल से विभिन्न विभागों की भर्ती परीक्षाओं का सिलसिला फिर तेज होगा। 25 अप्रैल 2027 को शहरी विकास विभाग के अंतर्गत कर एवं राजस्व निरीक्षक की लिखित परीक्षा (वस्तुनिष्ठ प्रकार) प्रस्तावित है।
इसके बाद पशुपालन विभाग में पशु चिकित्साधिकारी के पदों के लिए 1 और 2 मई 2027 को लिखित परीक्षा आयोजित होगी। यह परीक्षा भी वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी।
इंजीनियरिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी कैलेंडर में महत्वपूर्ण तारीखें दी गई हैं। ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, पेयजल और ऊर्जा विभाग समेत अन्य विभागों में सहायक अभियंता के पदों के लिए मुख्य परीक्षा 8 मई से 14 मई 2027 तक आयोजित की जाएगी।
इस परीक्षा में सिविल, यांत्रिक, विद्युत, कृषि और आईटी से संबंधित विषय शामिल हैं। अलग-अलग तकनीकी शाखाओं के अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी के लिए इस अवधि को ध्यान में रखना होगा।
मई और जून में सचिवालय से लेकर पीडब्ल्यूडी तक भर्ती परीक्षाएं
मई के आखिरी सप्ताह में उत्तराखंड सचिवालय और उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के लिए समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा-2026 की स्क्रीनिंग/प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी। इसके लिए 30 मई 2027 की तारीख प्रस्तावित की गई है।
इसके ठीक एक सप्ताह बाद 6 जून 2027 को सचिवालय प्रशासन विभाग के लिए समीक्षा अधिकारी (लेखा) एवं सहायक समीक्षा अधिकारी (लेखा) परीक्षा-2026 की स्क्रीनिंग/प्रारंभिक परीक्षा होगी।
वहीं, इंजीनियरिंग क्षेत्र में कनिष्ठ अभियंता यानी जेई के पदों के लिए मुख्य परीक्षा 26 जून से 1 जुलाई 2027 तक प्रस्तावित है। इसमें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, कृषि और ऊर्जा विभाग समेत अन्य विभागों के पद शामिल हैं।
इस तरह आयोग के कैलेंडर में प्रशासनिक सेवाओं, शिक्षा, पशुपालन, शहरी विकास और तकनीकी विभागों की भर्ती परीक्षाओं को जगह दी गई है।
सितंबर के कैलेंडर में अब किए गए ये बदलाव
दरअसल, आयोग ने इससे पहले 1 सितंबर 2026 को भी वर्ष 2026-27 का परीक्षा कैलेंडर जारी किया था। उस समय इसमें नौ भर्ती परीक्षाओं की तारीखें शामिल थीं। सितंबर के कार्यक्रम में कर एवं राजस्व निरीक्षक की परीक्षा 16 जनवरी 2027 और पशु चिकित्साधिकारी की परीक्षा 28 फरवरी 2027 को प्रस्तावित थी।
इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता की मुख्य परीक्षा 20 से 25 अप्रैल 2027 और समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा 23 मई 2027 के लिए रखी गई थी। अब संशोधित कैलेंडर में इन परीक्षाओं की तारीखें आगे बढ़ाई गई हैं। कर एवं राजस्व निरीक्षक की परीक्षा अप्रैल, पशु चिकित्साधिकारी की परीक्षा मई और जेई की मुख्य परीक्षा जून-जुलाई में प्रस्तावित की गई है।
नए कैलेंडर में राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता (कला) और उत्तराखंड हाईकोर्ट की वैयक्तिक सहायक भर्ती परीक्षाओं को भी शामिल किया गया है। इस तरह पहले के नौ परीक्षाओं वाले कार्यक्रम की जगह अब 11 परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडे के हस्ताक्षर से जारी कैलेंडर में स्पष्ट किया गया है कि सभी परीक्षा तिथियां संभावित हैं। जरूरत पड़ने पर इनमें बदलाव किया जा सकता है। इसलिए अभ्यर्थियों को परीक्षा से संबंधित अंतिम सूचना और प्रवेश पत्र के लिए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अपडेट देखते रहना होगा।








