ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

Mussoorie Fastag Tax : मसूरी जाने वाले ध्यान दें, कोल्हूखेत बैरियर पर अब फास्टैग से कटेगा ईको टैक्स

दून हॉराइज़न ब्यूरो,
Published by: Harpreet Singh Updated Sun, 28 Jun 2026 01:50 PM IST

कोल्हूखेत बैरियर पर जाम खत्म करने के लिए नगर पालिका ईको टैक्स वसूली को फास्टैग से जोड़ने जा रही है। मसूरी, टिहरी और उत्तरकाशी के लोगों को टैक्स नहीं देना होगा, बशर्ते वे पालिका में अपनी गाड़ियों का अनिवार्य रजिस्ट्रेशन करवाएं।

Mussoorie Fastag Tax : मसूरी जाने वाले ध्यान दें, कोल्हूखेत बैरियर पर अब फास्टैग से कटेगा ईको टैक्स

मुख्य बातें

  • कोल्हूखेत बैरियर पर फास्टैग सिस्टम लागू करने की तैयारी
  • टिहरी-उत्तरकाशी के वाहनों को ईको टैक्स से मिलेगी छूट
  • स्थानीय लोगों को 3 महीने में कराना होगा रजिस्ट्रेशन
  • टू-व्हीलर के लिए अलग लेन में लगेगा मैनुअल टैक्स

मसूरी, 28 जून 2026 (दून हॉराइज़न)।

Mussoorie Fastag Tax : मसूरी और आसपास के स्थानीय निवासियों को ईको टैक्स से छूट पाने के लिए अब अगले तीन महीने के भीतर अपनी गाड़ियों का पूरा डाटा नगर पालिका दफ्तर में दर्ज कराना होगा। शहर को जाम के झाम से निकालने और टैक्स वसूली में होने वाली धांधली रोकने के लिए कोल्हूखेत सहित पालिका के दो मुख्य एंट्री बैरियरों पर फास्टैग सिस्टम इंस्टाल किया जा रहा है।

शनिवार को हुई अहम बैठक में डिजिटल वसूली प्रणाली और लेन व्यवस्था में सुधार के मसौदे पर मोहर लग गई। यह नई फास्टैग लेन पूरी तरह से पर्यटकों और बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए रिजर्व रहेगी।

पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी की अध्यक्षता में हुई इस लंबी बैठक में एनएचएआई के प्रतिनिधियों ने भी अपनी तकनीकी रिपोर्ट पेश की। एनएचएआई टीम ने बैरियर पर लगने वाले स्कैनर, सर्वर लिंक और फास्टैग की कार्यप्रणाली का सीधा प्रजेंटेशन अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों के सामने रखा।

फास्टैग सिस्टम में स्थानीय लोगों के वाहनों की सूची फीड की जाएगी। जिस गाड़ी का नंबर पालिका के सिस्टम में दर्ज होगा, उसे बैरियर पर बिना टैक्स काटे ही सीधे ग्रीन सिग्नल मिल जाएगा। बाहरी वाहनों पर फास्टैग नहीं होने की स्थिति में कितना जुर्माना या अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा, इसका निर्धारण अभी नहीं हुआ है। अगली बोर्ड बैठक में इस शुल्क की नई दरें तय होंगी।

टिहरी और उत्तरकाशी जिलों से रोजमर्रा के काम के लिए मसूरी आने वाले वाहनों को इस नई व्यवस्था में बड़ी राहत दी गई है। इन दोनों जिलों के निवासियों को ईको टैक्स से पूरी तरह मुक्त रखा जाएगा।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि कोल्हूखेत बैरियर पर फास्टैग लागू होने के तुरंत बाद टिहरी और उत्तरकाशी के वाहनों के लिए एक अलग से पास सिस्टम डवलप किया जाएगा। इन वाहन मालिकों के लिए भी अपना रजिस्ट्रेशन कराना एकदम अनिवार्य शर्त होगी। दोपहिया वाहनों को फास्टैग के दायरे से बाहर रखा गया है। उनके लिए एक अलग लेन काम करेगी जहां पुरानी व्यवस्था के तहत ही मैनुअल तरीके से टैक्स लिया जाएगा।

मालरोड पर गाड़ियों की एंट्री को लेकर भी एक नया ड्राफ्ट तैयार किया गया है। मालरोड बैरियर पर भी वाहनों के प्रवेश के लिए फास्टैग लागू करने का प्रस्ताव बैठक में रखा गया, जिस पर अलग-अलग संगठनों से सुझाव मांगे गए हैं। इस नई योजना के तहत बाहरी गाड़ियों का टैक्स ऑनलाइन या मैनुअल कटेगा, जबकि लोकल गाड़ियां अपने रजिस्ट्रेशन डेटाबेस के आधार पर ऑटोमेटिक छूट पाएंगी।

ईको टैक्स की इस पूरी डिजिटल शिफ्टिंग को लेकर शहर के व्यापारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने लंबी चर्चा की। बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, जसबीर कौर, रणवीर कंडारी और विशाल खरोला मौजूद रहे।

पंकज खत्री, पवन थलवाल, सचिन गुहेर और शिवानी भारती ने भी व्यवस्था में सुधार को लेकर अपनी बात रखी। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल और व्यापार संघ के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने फास्टैग प्रणाली की कार्ययोजना में व्यापारियों के सुझाव जोड़े।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment