देहरादून (25 अक्टूबर) : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात नाइटलाइफ और सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़े पैमाने पर शिकंजा कस दिया है। एसएसपी के निर्देश पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चलाए गए ‘ऑपरेशन नाईट स्ट्राइक’ के तहत शहरभर की सड़कों पर सन्नाटा चीरते हुए पुलिस का काफिला उतरा।
बिना किसी ठोस वजह के आधी रात सड़कों पर घूम रहे 109 युवकों को पुलिस टीमों ने मौके से उठाकर सीधे संबंधित थानों पहुंचाया, जहां उनके सत्यापन और पूछताछ की लंबी प्रक्रिया चली। इस औचक कार्रवाई ने देर रात तक गुलजार रहने वाले पब, बार और रेस्टोरेंट संचालकों में भी हड़कंप मचा दिया।
सड़कों पर बेवजह घूम रहे 109 युवक पहुंचे थाने
पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील चौराहों, मुख्य मार्गों और आउटर इलाकों में एक साथ दर्जनों टीमों ने मोर्चा संभाला। देर रात 12 बजे के बाद शहर की सड़कों पर बेवजह दोपहिया और चौपहिया वाहनों से चक्कर काट रहे संदिग्ध युवकों को रोककर कड़ी पूछताछ की गई। संतोषजनक जवाब न मिलने पर 109 व्यक्तियों को सीधे थाने लाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन सभी का पूरा रिकॉर्ड, आईडी और शहर में रात के समय घूमने का कारण दर्ज कर भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस का साफ कहना है कि रात में अपराध की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए यह कदम उठाया गया।
पब और बार में छापेमारी, 17 शराबी चालक गिरफ्तार
सड़कों पर नाकेबंदी के साथ-साथ पुलिस की स्पेशल टीमों ने राजपुर रोड, जाखन और ईसी रोड समेत शहर के प्रमुख पब, बार और देर रात तक चलने वाले रेस्टोरेंटों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। तय समय सीमा से अधिक समय तक खुले रहने और शराब परोसने के नियमों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन दौड़ा रहे 17 लोगों को पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 (ड्रंकन ड्राइविंग) के तहत मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने और अव्यवस्था फैलाने पर 97 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान काटे गए।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर 23 वाहन हुए सीज
सख्त चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 83 वाहन चालकों के एमवी एक्ट में चालान काटे गए, जबकि गंभीर खामियां पाए जाने पर 23 वाहनों को मौके पर ही सीज कर संबंधित थानों में खड़ा करवा दिया गया। देहरादून पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि सप्ताहांत या आम दिनों में देर रात हुड़दंग करने, स्टंटबाजी करने या शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले बार और क्लबों के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी आबकारी विभाग को भेजी जाएगी।




