ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

देहरादून में ‘Operation Night Strike’: देर रात तक पुलिस की छापेमारी, 35 शराबी ड्राइवर गिरफ्तार

एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में जिले भर में 'ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक' चलाया गया, जिसमें ड्रंक एंड ड्राइव और नियमों के उल्लंघन पर 35 लोग गिरफ्तार हुए और 38 वाहन सीज किए गए। समय सीमा के बाद बार संचालित करने पर डायनेस्टी क्लब 90 के संचालक के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की गई है।

देहरादून में 'Operation Night Strike': देर रात तक पुलिस की छापेमारी, 35 शराबी ड्राइवर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS

  • शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 35 वाहन चालक गिरफ्तार कर हवालात भेजे गए।
  • नियमों के उल्लंघन पर 38 वाहन सीज और कुल 91 चालान काटे गए।
  • देर रात तक क्लब खोलने पर डायनेस्टी क्लब 90 (Dynasty Club 90) पर पुलिस का एक्शन।

देहरादून, 03 मई 2026 (दून हॉराइज़न)। राजधानी देहरादून की सड़कों पर वीकेंड की रात हुड़दंगियों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए गए ‘Operation Night Strike’ के तहत पुलिस ने शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात जिले के विभिन्न इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

इस कार्रवाई के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 38 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

डायनेस्टी क्लब 90 पर गिरी गाज

चेकिंग के दौरान डालनवाला पुलिस ने पाया कि ‘डायनेस्टी क्लब 90’ बार निर्धारित समयावधि बीत जाने के बाद भी संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर बार संचालक के खिलाफ 83 पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

इसके साथ ही बार में देर रात तक डीजे बजाने वाले दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में समय सीमा का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति भी की जा सकती है।

ड्रंक एंड ड्राइव और एमवी एक्ट की बड़ी कार्रवाई

पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देर रात जिले भर में बैरिकेडिंग कर चेकिंग सुनिश्चित की। इस दौरान 35 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाए गए, जिन्हें तत्काल गिरफ्तार कर हवालात ले जाया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 91 वाहन चालकों का एमवी एक्ट में चालान कर 68,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा 40 चालान माननीय न्यायालय के लिए प्रेषित किए गए हैं।

संदिग्धों का सत्यापन और हिरासत

अभियान के दौरान पुलिस ने सड़कों पर बेवजह घूम रहे 600 से अधिक व्यक्तियों को रोककर उनसे पूछताछ की और उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए 18 व्यक्तियों को 172 BNSS के तहत हिरासत में लेकर थाने लाया गया। साथ ही 75 संदिग्धों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 18,750 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment