ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

देहरादून में सड़क पर भिड़े प्राइवेट कॉलेज के छात्र, पुलिस ने 7 को दबोचा

दून हॉराइज़न ब्यूरो,
Published by: Harpreet Singh Updated Mon, 07 Sep 2026 03:35 PM IST

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र अंतर्गत बिधौली में बीच सड़क आपस में भिड़े निजी शिक्षण संस्थान के 7 छात्रों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कॉलेज से निष्कासन की रिपोर्ट भी भेजी गई है।

dehradun police student brawl arrest

मुख्य बातें

  • बिधौली इलाके में सरेराह मारपीट कर रहे 7 कॉलेज छात्रों को पुलिस ने पकड़ा।
  • बीच सड़क अचानक हुई इस झड़प से राहगीरों पर मंडरा रहा था चोटिल होने का खतरा।
  • पुलिस ने उपद्रवियों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराओं में की कार्रवाई।
  • आरोपी छात्रों की उम्र 19 से 21 वर्ष, सभी कण्डोली क्षेत्र में रहते हैं।
  • एसएसपी के निर्देश पर सभी छात्रों को कॉलेज से निकालने की आधिकारिक सिफारिश।

दून हॉराइज़न, देहरादून (07 सितंबर): एजुकेशन हब के नाम से पहचाने जाने वाले देहरादून के प्रेमनगर इलाके में रविवार शाम सड़क पर छात्रों की गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिधौली में एक निजी संस्थान के छात्र बीच राह ही दो गुटों में बंटकर एक-दूसरे पर पिल पड़े, जिससे आवाजाही कर रहे आम लोगों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सात उपद्रवी छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें : उत्तराखंड में 4 नेशनल हाईवे समेत 138 सड़कें बंद, आठ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी

समझाने पर भी नहीं माने, सड़क पर मचाते रहे कोहराम

दरअसल 6 सितंबर की देर शाम प्रेमनगर कोतवाली को सूचना मिली थी कि बिधौली क्षेत्र में छात्रों के दो गुट मामूली बात पर आमने-सामने आ गए हैं। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। बिधौली चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक जैनेंद्र सिंह राणा पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन नशे या गुस्से में चूर छात्र पुलिस के सामने ही और ज्यादा आक्रामक हो गए। सड़क पर अफरातफरी का माहौल बन गया और राहगीरों के भी इसकी चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया था।

शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तारी, थाने में बीती रात

हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने बल प्रयोग कर सात युवकों को मौके से ही हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त करने और कानून हाथ में लेने के आरोप में सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS – Bharatiya Nagarik Suraksha Sanhita) की धारा 170, 126 और 135 के तहत औपचारिक मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान आर्यन पाटनी (21), अभय कोहली (21), नैथन (21), कृष उपाध्याय (20), युग नागर (21), अर्पित तोमर (19) और कवि अत्री (20) के रूप में हुई है। ये सभी कण्डोली (प्रेमनगर) में रहकर एक प्रतिष्ठित निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रहे हैं।

करियर पर लटकी तलवार, संस्थान को निष्कासन की रिपोर्ट

एसएसपी देहरादून ने साफ कर दिया है कि शिक्षण संस्थानों की आड़ में दून की शांत वादियों की फिजा बिगाड़ने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। प्रेमनगर कोतवाली पुलिस ने न सिर्फ आरोपियों का चालान किया, बल्कि संबंधित कॉलेज प्रशासन को भी एक विस्तृत रिपोर्ट प्रेषित की है। इसमें छात्रों के आपराधिक कृत्य और सार्वजनिक शांति भंग करने के आचरण का हवाला देते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से कॉलेज से निष्कासित करने की संस्तुति की गई है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर के अन्य बाहरी छात्रों और पीजी संचालकों में भी कड़ा संदेश गया है।

यह भी पढ़ें : टिहरी के तोता घाटी में बड़ा हादसा, राजस्थान के पर्यटकों की कार 300 मीटर गहरी खाई में गिरी

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment