home ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम मनोरंजन बिजनेस ऑटो गैजेट्स खेल हेल्थ लाइफस्टाइल धर्म राशिफल लव राशिफल अंक राशिफल पंचांग करियर ट्रेंडिंग वीडियो

Tehri Garhwal murder : दूसरी जाति की लड़की से था प्रेम प्रसंग, परिजनों ने रातभर बंधक बनाकर उतारा मौत के घाट

टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते एक 18 वर्षीय दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप दूसरे समुदाय की एक नाबालिग लड़की के परिजनों पर है, जिन्होंने धोखे से युवक को बुलाकर रातभर बंधक बनाए रखा।

Tehri Garhwal murder : दूसरी जाति की लड़की से था प्रेम प्रसंग, परिजनों ने रातभर बंधक बनाकर उतारा मौत के घाट

HIGHLIGHTS

  • प्रतापनगर के देवल गांव का रहने वाला था 18 वर्षीय मृतक केतन लाल।
  • नाबालिग प्रेमिका के परिजनों ने रात के वक्त फोन करवा कर गांव बुलाया था।
  • केतन के साथ गए दोस्त दिवाकर को भी जमकर पीटा, हालत गंभीर।
  • पुलिस ने मुख्य आरोपी यशवीर सिंह को किया गिरफ्तार, एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज।

टिहरी, 9 जून 2026 (दून हॉराइज़न)। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रतापनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रेम-प्रसंग के चलते एक 18 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। आरोप है कि दूसरी जाति की नाबालिग प्रेमिका के परिजनों ने साजिश के तहत युवक को रात के वक्त अपने गांव बुलाया और उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान मृतक के साथ गए उसके दोस्त को भी पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया है।

धोखे से बुलाकर रातभर कमरे में रखा बंद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, देवल गांव का रहने वाला 12वीं का छात्र केतन लाल (18) पुत्र धनपाल लाल रविवार रात करीब 11:30 बजे अपने दोस्त दिवाकर डिमरी (22) के साथ बाइक से पड़ोसी गांव खोलगढ़ गया था। बताया जा रहा है कि खोलगढ़ निवासी एक नाबालिग लड़की से केतन की पिछले छह महीने से बातचीत हो रही थी। लड़की के परिजनों को जब इस रिश्ते का पता चला तो उन्होंने ऐतराज जताया था और कई बार चेतावनी भी दी थी।

आरोप है कि रविवार रात लड़की के परिजनों ने दबाव डालकर केतन को फोन करवाया और उसे गांव बुला लिया। जैसे ही केतन और दिवाकर गांव पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने दोनों को दबोच लिया। उन्हें एक कमरे में बंद कर पूरी रात लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटा गया।

पिता को फोन कर कहा- ‘अपने बेटे को ले जाओ’

हत्यारोपियों ने सुबह होने पर खुद केतन के पिता धनपाल लाल को फोन किया। पिता के मुताबिक, फोन पर केतन की नहीं बल्कि किसी और की आवाज थी, जिसने धमकाते हुए कहा कि अपने बेटे को यहां से उठाकर ले जाओ। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बुरी तरह घायल केतन और दिवाकर को चौंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए।

इलाज के दौरान सुबह करीब 8:20 बजे केतन ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दिवाकर को जिला अस्पताल बौराड़ी रेफर कर दिया गया है। दिवाकर मुंबई के एक होटल में काम करता है और हाल ही में गांव लौटा था।

अस्पताल जाते समय बनाया वीडियो, पुलिस जांच में जुटी

अस्पताल ले जाते समय केतन के पिता ने कार के अंदर अपने घायल बेटे का एक वीडियो भी बनाया था। इस वीडियो में मौत से पहले केतन ने बताया कि उसे एक सोची-समझी साजिश के तहत खोलगढ़ बुलाया गया था और वहां जानलेवा हमला किया गया।

लंबगांव के प्रभारी थानाध्यक्ष शिवराम ने बताया कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी यशवीर सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने मामले में एससी-एसटी एक्ट सहित हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment