ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

नरेंद्रनगर में इसी सत्र से शुरू होगी B.Tech कंप्यूटर साइंस और AI की पढ़ाई, शासन ने जारी किया आदेश

नरेंद्रनगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक को अपग्रेड कर गवर्नमेंट इंटीग्रेटेड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी बना दिया गया है। इसी शैक्षणिक सत्र से संस्थान में कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की कुल 90 B.Tech सीटों पर दाखिले शुरू होंगे।

B.Tech Computer Science and AI Courses to Start in Narendra Nagar from This Academic Session

HIGHLIGHTS

  • B.Tech में कुल 90 सीटों पर होगी पढ़ाई
  • कंप्यूटर साइंस में 60 और AI में 30 सीटें
  • 18 शिक्षण और 6 गैर-शिक्षण पदों को मंजूरी
  • तकनीकी विश्वविद्यालय के कैंपस के रूप में होगा संचालन

दून हॉराइज़न, नरेंद्रनगर (21 अगस्त 2026): नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा का विस्तार करते हुए राजकीय पॉलिटेक्निक को पूर्ण इंजीनियरिंग संस्थान में तब्दील कर दिया गया है। शासन ने इस संस्थान को ‘गवर्नमेंट इंटीग्रेटेड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, नरेंद्रनगर’ के रूप में विकसित करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। इसी शैक्षणिक सत्र 2026 से यहां B.Tech की कक्षाएं शुरू हो रही हैं।

संस्थान में दो प्रमुख इंजीनियरिंग ब्रांच शुरू की जा रही हैं। B.Tech in Computer Science & Engineering के लिए 60 सीटें तय की गई हैं। B.Tech in Artificial Intelligence पाठ्यक्रम के लिए 30 सीटें निर्धारित हैं। दोनों ब्रांच मिलाकर कुल 90 सीटों पर छात्र प्रवेश ले सकेंगे।

तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने 21 अगस्त 2026 को इस संबंध में विधिवत शासनादेश जारी किया। यह संस्थान उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के संगठक कैंपस के तौर पर काम करेगा।

नया संस्थान शुरू करने के लिए 18 फैकल्टी पदों को वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इनमें 2 प्रोफेसर, 4 एसोसिएट प्रोफेसर और 12 असिस्टेंट प्रोफेसर के पद शामिल हैं। लैब, लाइब्रेरी और प्रशासनिक कार्यों के लिए 6 गैर-शिक्षण पद भी मंजूर किए गए हैं।

पहले चरण के इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण का पूरा खर्च राज्य सरकार खुद वहन करेगी। कैंपस में मानकों के अनुसार नए एकेडमिक ब्लॉक, मॉडर्न लैब, आधुनिक क्लासरूम और हाईटेक लाइब्रेरी तैयार की जाएगी।

कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल ने कहा कि नरेंद्रनगर को तकनीकी और उच्च शिक्षा का बड़ा हब बनाना उनकी प्राथमिक कार्ययोजना में शामिल रहा है। स्थानीय स्तर पर ऐसी तकनीकी शिक्षा मिलने से पहाड़ी क्षेत्र के छात्रों को सीधे रोजगारपरक कौशल हासिल होगा।

उनियाल के मुताबिक कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई पहाड़ में शुरू होने से स्थानीय युवाओं को बड़े शहरों में नहीं भटकना पड़ेगा। नरेंद्रनगर में अत्याधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध होने से क्षेत्र का प्रोफाइल पूरी तरह बदलेगा।

छात्रों की प्रवेश प्रक्रिया AICTE नई दिल्ली से अंतिम औपचारिक अनुमोदन और विश्वविद्यालय की संबद्धता के बाद शुरू होगी। काउंसिलिंग और दाखिले मौजूदा सत्र के तय एकेडमिक कैलेंडर के आधार पर कराए जाएंगे।

Advertisement

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment