home ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम मनोरंजन बिजनेस ऑटो गैजेट्स खेल हेल्थ लाइफस्टाइल धर्म राशिफल लव राशिफल अंक राशिफल पंचांग करियर ट्रेंडिंग वीडियो

देहरादून: सड़क खोदकर भूल गया UPCL, डीएम ने अधीक्षण अभियंता का रोका वेतन

देहरादून में अंडरग्राउंड बिजली केबल बिछाने के काम में हो रही लेटलतीफी पर डीएम डॉ. आशीष चौहान ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के साथ ही विभाग को पांच दिन के भीतर कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

देहरादून: सड़क खोदकर भूल गया UPCL, डीएम ने अधीक्षण अभियंता का रोका वेतन

HIGHLIGHTS

  • यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश।
  • बल्लीवाला फ्लाईओवर से सहारनपुर चौक तक डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण।
  • सड़क से मलबा तत्काल हटाने और 5 दिन में काम पूरा करने का अल्टीमेटम।
  • मानसून से पहले सड़कों की मरम्मत के लिए लोनिवि को दिए गए निर्देश।

देहरादून, 04 जून 2026 (दून हॉराइज़न)। शहर में भूमिगत बिजली लाइन बिछाने के काम में हो रही लेटलतीफी और जनता को हो रही परेशानी पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कड़ा रुख अपनाया है।

कार्यों की धीमी प्रगति को देखते हुए डीएम ने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही विभाग को पांच दिन के भीतर कार्य पूरा करने का सख्त अल्टीमेटम दिया गया है।

गुरुवार को डीएम डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) परमेन्द्र डोभाल ने संयुक्त रूप से शहर का निरीक्षण किया। यह टीम जीएमएस रोड स्थित बल्लीवाला फ्लाईओवर से कांवली रोड होते हुए सहारनपुर चौक तक पहुंची। इस पूरे रूट पर यूपीसीएल द्वारा अंडरग्राउंड केबल बिछाने का काम चल रहा है।

सड़क पर बिखरे मलबे पर लगाई फटकार

स्थलीय निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि कांवली रोड से सहारनपुर चौक तक कई जगहों पर सड़क खोदने के बाद निर्माण सामग्री और मलबा यूं ही बिखरा पड़ा है। पर्याप्त मैनपॉवर और मशीनरी न होने के कारण काम धीमा था, जिससे स्थानीय लोगों और यातायात को भारी असुविधा हो रही थी। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने तत्काल मलबा हटाने और रोड कटिंग समिति की शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए।

500 मीटर के पैच बनाकर तेज करें काम

जिलाधिकारी ने यूपीसीएल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 500-500 मीटर के पैच बनाकर काम की गति बढ़ाई जाए। पांच दिन के भीतर काम पूरा करने के बाद संबंधित मार्गों को तुरंत लोक निर्माण विभाग (PWD) को हस्तांतरित करने को कहा गया है, ताकि मानसून से पहले सड़क मरम्मत का काम शुरू किया जा सके। यूपीसीएल को अब प्रतिदिन कार्य प्रगति की रिपोर्ट प्रशासन को सौंपनी होगी।

इसके अलावा, गेल (GAIL) द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने के काम की भी समीक्षा की गई। डीएम ने गेल को भी शर्तों के अनुरूप काम पूरा कर जल्द सड़कें लोनिवि को सौंपने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस निरीक्षण अभियान में एडीएम (वि/रा) के.के. मिश्रा, एसपी ट्रैफिक लोकेश सिंह, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह और लोनिवि के अधिशासी अभियंता ओपी सिंह सहित यूपीसीएल व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


देश और दुनिया की ताज़ा ख़बरों (Latest Hindi News) के लिए जुड़े रहें Doon Horizon के साथ। राजनीति (Politics), खेल, मनोरंजन, टेक्नोलॉजी और एजुकेशन से जुड़े हर लाइव अपडेट (Live Updates) और ब्रेकिंग न्यूज़ (Breaking News in Hindi) सबसे पहले पाएं। पढ़िए आपके काम की हर बड़ी खबर, सिर्फ एक क्लिक पर।


Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment