देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के कड़े रुख के बाद जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और आपूर्ति में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है। प्रशासन द्वारा गठित क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने ऋषिकेश के लक्कड़घाट स्थित एक दुकान पर छापा मारकर 135 कमर्शियल सिलेंडर बरामद किए हैं। इस मामले में संबंधित पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जिले में शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए क्यूआरटी की टीमें आज सुबह से ही सक्रिय रहीं। इन टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एजेंसियों में गैस की मांग, वास्तविक आपूर्ति और स्टॉक की स्थिति को खंगाला गया ताकि वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा कंट्रोल रूम से जिले की गैस वितरण व्यवस्था की सीधी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। शाम 5 बजे तक प्रशासन को गैस आपूर्ति से जुड़ी कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका खाद्य आपूर्ति विभाग के माध्यम से तत्काल निस्तारण कराया जा रहा है। जनता अपनी समस्याओं के लिए 1077 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 का उपयोग कर सकती है।
आंकड़ों के मुताबिक, आज जिले में 12,004 घरेलू और 136 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। हालांकि, प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती 75 हजार सिलेंडरों का मौजूदा बैकलॉग है। जिलाधिकारी ने तेल कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्टॉक पर्याप्त होने के बावजूद इस देरी को खत्म करने के लिए तत्काल लोड बढ़ाया जाए।









