ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

Mission 2027 : उत्तराखंड में सत्ता वापसी के लिए कांग्रेस का मास्टरप्लान, दिग्गजों ने संभाला मोर्चा

दून हॉराइज़न ब्यूरो,
Published by: Harpreet Singh Updated Sun, 28 Jun 2026 07:49 PM IST

कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कुमाऊं और गढ़वाल को चार अलग-अलग जोन में बांटकर अपनी राजनीतिक चौसर बिछा दी है। गणेश गोदियाल ने टनकपुर में मोर्चा संभालते हुए पहले चरण में पहाड़ की 10 सीटों पर फोकस सेट कर दिया है।

Mission 2027 : उत्तराखंड में सत्ता वापसी के लिए कांग्रेस का मास्टरप्लान, दिग्गजों ने संभाला मोर्चा

मुख्य बातें

  • कांग्रेस का परिवर्तन संकल्प अभियान 28 जून से शुरू
  • उत्तराखंड को कुमाऊं और गढ़वाल के 4 जोन में बांटा
  • 10 जुलाई तक पर्वतीय विधानसभा क्षेत्रों को किया जाएगा कवर
  • 15 जुलाई से तराई वाले जिलों में चलेगा जन जागरण

चंपावत, 28 जून 2026 (दून हॉराइज़न)।

Mission 2027 : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल 2027 विधानसभा चुनाव की सियासी जमीन तैयार करने के लिए आज सीधे चंपावत जिले के टनकपुर पहुंचे हैं। पार्टी ने कुमाऊं और गढ़वाल को चार अलग-अलग जोन में बांटकर पहाड़ की 10 सीटों पर अपना पूरा तंत्र झोंक दिया है। टनकपुर में आज से शुरू हुए परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के जरिए जमीनी कार्यकर्ताओं को मोबिलाइज किया गया।

पहले जोन में चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों को रखा गया है जिसकी कमान खुद गणेश गोदियाल अपने क्षेत्रीय विधायकों के साथ संभाल रहे हैं। नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों से बने दूसरे जोन की जिम्मेदारी करन माहरा और उनके स्थानीय नेताओं को दी गई है। पौड़ी, चमोली और रुद्रप्रयाग का तीसरा जोन हरक सिंह रावत की टीम मथेगी। टिहरी और उत्तरकाशी जिलों का चौथा जोन पूरी तरह प्रीतम सिंह के कंट्रोल में रहेगा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत, यशपाल आर्य, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा इन चारों जोन में रोटेशन के आधार पर मौजूद रहेंगे। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व 10 जुलाई तक पर्वतीय विधानसभाओं में अपनी पूरी ताकत झोंक देगा। मैदानी इलाकों का रुख 15 जुलाई से किया जाएगा। देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर की तराई बेल्ट में पार्टी के सभी बड़े चेहरे एक साथ डेरा डालेंगे।

टनकपुर में 2 जुलाई तक पहले चरण का अभियान पूरे जोरों पर चलेगा। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने स्पष्ट किया कि बीजेपी सरकार की नीतियों, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ गांव-गांव जाकर सीधा संवाद किया जाएगा। राज्य के सबसे बड़े ज्वलंत मुद्दे अंकिता भंडारी प्रकरण से लेकर पहाड़ में पलायन, भू-कानून, भ्रष्टाचार और मूल निवास की मांग को इस अभियान का प्रमुख हथियार बनाया गया है।

पूरा अभियान ‘परिवर्तन ही संकल्प’ के नारे पर केंद्रित किया गया है। राज्यव्यापी जन जागरूकता कार्यक्रम में सभी पूर्व विधायक और वर्तमान पदाधिकारी अपने-अपने इलाकों में जनसंपर्क कर रहे हैं। पर्वतीय और तराई क्षेत्रों में कांग्रेस हर बूथ स्तर तक सत्ता पक्ष को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment