पंजाब में अगले चार दिन ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं, कोल्ड-डे का अलर्ट

मौसम विभाग ने चार दिन तक घने कोहरे और कोल्ड-डे का अलर्ट जारी कर दिया है। बठिंडा में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया।
पंजाब में अगले चार दिन ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं, कोल्ड-डे का अलर्ट 
न्यूज डेस्क, दून हॉराइज़न, चंडीगढ़ (पंजाब)

उत्तर भारत में ठंड का कहर कम नहीं हो रहा है। पंजाब में शीत लहर और घने कोहरे के कारण जन-जीवन अस्त व्यस्त होने लगा है। सूबे में लगातार तीसरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो पाए हैं। मौसम विभाग ने बुधवार से चार दिन तक बेहद घने कोहरे व कोल्ड-डे का अलर्ट जारी किया है। हालांकि इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा।

मंगलवार को भी पंजाब में दिन के तापमान में कमी दर्ज की गई। इससे अब दिन का पारा सामान्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा रहा। यहां का अधिकतम तापमान 11.8 डिग्री  सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 9.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

वहीं न्यूनतम तापमान 7 सेल्सियस डिग्री रहा। पटियाला में न्यूनतम तापमान 7.8, अमृतसर में 8.3, लुधियाना में 8 और फरीदकोट में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

हरियाणा में और बढ़ेगी ठंड

हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी है। यहां मंगलवार को कोहरे की चादर छाई रही। मौसम विभाग के अनुसार हिसार में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि करनाल में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा। वहीं, नारनौल और भिवानी में न्यूनतम तापमान क्रमश: 7.5 डिग्री सेल्सियस और 7.7 डिग्री दर्ज किया गया।

हरियाणा में लोगों को चौथे दिन भी सूरज के दर्शन नहीं हुए, अभी और ठंड बढ़ने के आसार हैं। पांच जनवरी के बाद धूप खिल सकती है।

Share this story