Dehradun News Today 10th july 2022 : जाने देहरादून की आज की हर छोटी बड़ी खबर इस न्यूज़ बुलेटिन में

Dehradun News Today 10th july 2022 :Know every little big news of Dehradun today in this news bulletin

Dehradun News Today 10th july 2022 : जाने देहरादून की आज की हर छोटी बड़ी खबर इस न्यूज़ बुलेटिन में

देहरादून। हिमालय रक्षा अभियान समिति उत्तराखंड की ओर से विश्व हरेला महापर्व के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वर्चुवली कार्यक्रम में पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।

पूर्व सीएम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में उत्तराखंड का गौरवशाली इतिहास रहा है। गौरा देवी, सुंदरलाल बहुगुणा, चंडी प्रसाद भट्ट जैसी कई विभूतियां हमें प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि आज तमाम तरह की प्राकृतिक आपदाओं में पर्यावरण असुंतलन की महत्वपूर्ण भूमिका है।

पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र ने कहा कि जल संचय की हमें अपने घरों से शुरुआत करनी होगी। क्योंकि आज जो पर्यावरणीय चिंता है वह सबकी चिंता है। उन्होंने कहा कि हम हर गांव में पीपल, बरगद के पौधे अवश्य लगाएं, पर्यावरण की रक्षा के लिए सब को मिलकर सहयोग करना होगा।

इस मौके पर पर्यावरण प्रेमी किशन सिंह मलड़ा, कार्यक्रम का संचालन कर रहे भगवान कार्की आदि मौजूद रहे।

उत्तराखंड में मशरूम के क्षेत्र में अपार संभावनाएं : सुबोध

देहरादून। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड में मशरूम उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने युवाओं से मशरूम उत्पादन कर स्वरोजगार करने को कहा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी लेने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनना चाहिए।

रविवार को मंत्री सुबोध उनियाल ने राजपुर रोड में मशरूम की ब्रैंड एंबेसडर दिव्या रावत के फार्म टू टेबल मॉडल पर आधारित मशमश रेस्टोरेंट का शुभारंभ किया। उन्होंने दिव्या रावत के कार्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि दिव्या रावत ने अपनी मेहनत लगन और प्रतिभा के बल पर एक मुकाम हासिल किया है, जो कि हमारे लिए गर्व की बात है। इस मौके पर महिला उद्यमी अनुकृति गुसाईं, भाजयुमो की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी समेत कई लोग मौजूद रहे।

आईटीबीपी की तीन दिवसीय अंतर वाहिनी महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न 

देहरादून। भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के सीमाद्वार परिसर में तीन दिवसीय अंतर वाहिनी महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हुई। 23वीं वाहिनी के कमांडेंट शेंदिल कुमार ने विजयी टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।

उम्दा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी भी नवाजे। प्रतियोगिता में देहरादून सेक्टर के अधीन आने वाली सभी वाहनियों की टीमों के रोमांचक मुकाबले खेले गए। 12वीं वाहिनी आईटीबीपी मातली की महिला और पुरुष वर्ग की टीमों ने पहला स्थान प्राप्त किया।

महिला वर्ग में 23वीं वाहिनी देहरादून और पुरुष वर्ग में पहली वाहिनी जोशीमठ की टीम दूसरे स्थान पर रही। कमांडेंट शेंदिल कुमार ने पुरस्कार वितरण समारोह में कहा कि एक सैनिक को अपने आप को फिजिकल फिट रखना बहुत जरूरी है।

सैन्यबलों में सैनिक को अपनी पसंद के खेल खेलने का अवसर मिलता रहता है। इसलिए सभी को कोई न कोई खेल अवश्य खेलना चाहिए। इससे पहले उत्तरी फ्रंटियर के महानिरीक्षक आईपीएस नीलाभ किशोर ने इसका सात जुलाई को शुभारंभ किया था।

अतिक्रमण के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई करे जिला प्रशासन

देहरादून। मसूरी नगरपालिका की सभासद गीता कुमाई ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि जिला प्रशासन के स्तर से अतिक्रमण के खिलाफ निष्पक्ष रूप से कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण मुक्त करवाए गए स्थलों पर निजी संस्थानों और होटलों की गाड़ियां खड़ी हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि माल रोड में रहने वाले लोगों को घर जाने से रोका जा रहा है। जबकि निजी व्यवसायिक संस्थानों की गाड़ियां आ जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कैमल बैक रोड, मॉल रोड, मसूरी के समस्त विद्यालयों के आसपास, स्वास्थ्य केंद्र और शहर के अन्य स्थलों पर निजी संस्थानों द्वारा गाड़ियां पार्क की जा रही हैं।

उन्होंने सुझाव दिया है कि व्यापारिक संस्थान जिनकी पार्किंग नहीं है। वह अपने ग्राहकों की आवाजाही की सुविधा के लिए व्यापारिक संस्थान का एक निजी वाहन किंक्रेग स्थित मल्टी लेवल पार्किंग पर खड़ा करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्ट्रीट वेंडर्स के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग उठाई है।

मिट्टी बचाओ मुहीम को सफल बनाने का किया आहवान

देहरादून। मिट्टी बचाओ स्वयंसेवकों की ओर से रविवार को कृषि मंडी उत्पादन समिति देहरादून के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण के लिए मिट्टी बचाओ का जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कृषि मंडी उत्पादन समिति के सचिव विजय थपलियाल ने मुहीम के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए बाइकर्स को अगले पड़ाव के लिए रवाना किया।

कार्यक्रम में ईशा फाउंडेशन के स्वयंसेवक सोमेन सिंह ने बताया कि ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरू जग्गी वासुदेव ने बीते 21 मार्च को लंदन के ग्रीनविच शहर से यूरोप के विभिन्न देशों बाइक से यात्रा करते हुए मिट्टी बचाओ के लिए जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से मिट्टी बचाने के लिए कानून बनाने की मांग को लेकर अंतरष्ट्रीय मुहिम चलाई।

उन्होंने भारत पहुंचकर विभिन्न राज्यों के प्रमुख शहरों में अपने स्वयंसेवकों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर कोयंबटूर स्थित अपने आश्रम में यात्रा समाप्त की। इसी मुहीम के तहत 24 जून को विभिन्न राज्यों के शहरों में मिट्टी बचाओ मुहीम फैलाने के उद्देश्य से बाइकर्स को रवाना किया गया।

दून पहुंचे का स्वागत कर उन्हें यहां से हरिद्वार के लिए रवाना किया गया। इस दौरान ईशा फाउंडेशन के स्वयंसेवक सोमेन सिंह, कोमल, विश्वंभर सिंह, नीति मिश्रा, अर्चना, हिमवंत फाउंडेशन, संगीता थपलियाल व इनर व्हील के सदस्य मौजूद रहे।

गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया

देहरादून। विश्व जागृति मिशन के अपर तुनवाला आनंद देव लोक आश्रम में आचार्य कुलदीप पाण्डेय के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। आचार्य कुलदीप पांडेय ने कहा कि हमारी अध्यात्मिक यात्रा सदगुरु के मार्ग दर्शन से ही शुरू होती है।

भजन गायक प्रेम भाटिया, सुरेंद्र बागला, भूपेन्द्र चड्ढा, सुषमा भाटिया, रमन आचार्य, रंजना खत्री, अनुराधा शर्मा, शशि शर्मा, गीता भाटिया, नीतू भट्ट ने प्रस्तुति दी। संचालक प्रचार मंत्री भूपेंद्र चड्ढा ने बताया कि गुरु पूर्णिमा का मुख्य पर्व 13 जुलाई को दिल्ली आनंद धाम आश्रम में होगा।

बस 12 जुलाई की रात्रि शिवाजी धर्मशाला सहारनपुर चौक से रवाना होगी। प्रधान सुधीर शर्मा, कोषाध्यक्ष तेज कुमार, कैलाश चंद जायसवाल, हरीश भट्ट, नन्द लाल, मगन सिंह पुंडीर, सुरेश वर्मा, हरेंद्र सिंह पुंडीर आदि मौजूद रहे।

नारों के बजाय खुद का उदाहरण पेश करना होगा : कोश्यारी

देहरादून। उत्तराखंड को आज नारों की नहीं खुद का उदाहरण प्रस्तुत कर कुछ कर दिखाने की जरूरत है। उत्तराखंड कई ऐसे उदाहरण हैं, जिन्होंने शहरों से गांव लौटकर विकास और स्वरोजगार के कार्य किए। रिवर्स पलायन की मिसाल पेश की है।

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने रविवार को जोगीवाला स्थित सेवा निकेतन में उत्तरांचल उत्थान परिषद की प्रबंधकारिणी समिति की वार्षिक कार्ययोजना बैठक को संबोधित कर रहे थे। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने अपनी विधायक निधि से सेवा निकेतन देहरादून में ई-लाइब्रेरी के निर्माण की घोषणा की।

उत्तरांचल उत्थान परिषद की बैठक अध्यक्ष जयमल सिंह नेगी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अनेक विषयों पर गहन मंत्रणा हुई। केंद्रीय कार्यकारिणी ने विभिन्न विषयों पर प्रस्ताव पारित किए। अध्यक्ष नेगी ने कहा कि 16 जुलाई से 15 अगस्त तक प्रदेश में हरेला लोक पर्व के तहत फलदार एवं उपयोगी पेड़ लगाए जाएंगे।

साथ ही उन्हें संरक्षित भी किया जाएगा। वार्षिक पंचांग में हिमालय दिवस, राज्य स्थापना दिवस, प्रवासी पंचायत एवं ग्राम दर्शन कार्यक्रमों को प्रमुख रूप से स्थान दिया गया। प्रांत सेवा प्रमुख पवन कुमार, प्रांत सह सेवा प्रमुख सुरेश सुयाल, संरक्षक प्रेम बड़ाकोटी, उपाध्यक्ष राजाराम, डॉ. हरपाल सिंह नेगी, मदन सिंह नेगी, इंद्रेश लोहनी, पर्यावरणविद सच्चिदानंद भारती, यशोदानंद कोठियाल आदि मौजूद रहे। संचालन महामंत्री रामप्रकाश ने किया।

सामाजिक सद्भाव, सौहार्द्र के लिए इंसानियत मंच का गठन

देहरादून। राज्य में कभी भी किसी भी स्थिति में सामाजिक सद्भाव, सौहार्द्र व शांति का वातावरण न बिगड़े, इसके लिये नवगठित शांति दल के स्वयंसेवी सदस्यों ने रविवार को शहीद स्मारक में बैठक कर इंसानियत मंच के नाम से जन मंच का गठन किया।

आयोजक शांति मंच की संयोजक कमला पंत ने बताया कि इस मंच के लिए हर माध्यम से हरेक वर्ग, तबके समुदाय, संप्रदाय के अमन पसंद लोगों को सुसंगठित कर कार्य किया जाएगा। सर्वसम्मति से तय किया गया कि समाज में एकता सद्भाव, शांति का संदेश जन जन तक पहुंचाने के लिए इंसानियत मंच हर जगह अलग-अलग क्षेत्रों में शांति दल गठित करेगा।

इंसानियत मंच के जरिए शांति दल की सदस्यता के लिए नियम भी बनाया जाना तय किया गया। उन्होंने बताया कि उद्देश्य के प्रति स्वेच्छा से जो योगदान करने को तत्पर हों, वही शांति दल के सदस्य बन सकेंगे। इंसानियत मंच संविधान की मूल भावना, उसकी उद्देश्य को सरल भाषा में जन जन तक पहुंचाएगा।

कहीं भी किसी भी प्रकार का सामाजिक तनाव उत्पन्न होने की स्थिति में वह अपने स्तर से, ऐसी स्थिति को रोकने के प्रयास के साथ-साथ प्रशासन व पुलिस को भी सहयोग प्रदान करेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि इंसानियत मंच के विधिवत गठन की घोषणा जल्द ही एक वृहद सम्मेलन में की जाएगी।

मंच के गठन व समन्वय के लिए एक समन्वय समिति बनाने पर सहमति जताई गई। बैठक में सरदार परमजीत सिंह, थॉमस सेन, कमला पंत, बीजू नेगी, निर्मला बिष्ट, पूरन बर्थवाल, उषा भट्ट, सलिल दास, शंकर गोपालन, राकेश अग्रवाल, त्रिलोचन भट्ट, सतीश धौलाखंडी, विजय नैथानी, एसएस पंवार, शांता नेगी, मातेश्वरी राजवार, कमलेश खंतवाल उपस्थित रहे I

अग्याल संस्था ने रायपुर सीएचसी में रोपे बीज बम

देहरादून। अग्याल संस्था ने ‘एक से सवा करोड़ पेड़ की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए रविवार को रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीज बम (बीज बॉल्स) रोपित किए। सीएचसी रायपुर के चिकित्सा अधीक्षक डा. प्रताप सिंह रावत के तत्वावधान में इन बीज बॉल्स को लगाया गया।

प्रधानमंत्री जन कल्याणकारी योजना जागरूकता अभियान के प्रदेश अध्यक्ष विनोद खंडूरी, प्रदेश महामंत्री अंकित रौथाण, बलबीर सिंह रावत, जितेंद्र राणा, अग्याल संस्था के सचिव प्रभाकर ढौंडियाल, सह सचिव राजेश राणा, कोषाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, मनोज अग्रवाल, आदित्य रावत आदि उपस्थित रहे।

युवा रंगकर्मी पंकज उनियाल को दी श्रद्धाजंलि

देहरादून। युवा रंगकर्मी, अभिनेता और धाद नाट्य मंडल के सचिव पंकज उनियाल को आकस्मिक निधन पर शोक सभा के जरिए श्रद्धाजंलि अर्पित की गई। किशननगर चौक स्थित श्रीराम मंदिर मित्रलोक कॉलोनी में धाद नाट्य मंडल की टीम के अनेक रंगकर्मियों और पंकज उनियाल के परिजनों ने उन्हें याद किया।

रंगकर्मी कैलाश कंडवाल ने कहा कि पंकज एक प्रतिभाशाली कलाकार थे और धाद नाट्य मंडल के लिए उन्होंने कई चर्चित नाटकों में काम किया। धाद संस्था सचिव तन्मय ममगाईं ने रंगकर्म के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका को याद किया।

मौके पर रजनी शर्मा, जेपी बहुगुणा, चंद्रशेखर, अतुल डंगवाल, भुवनेश्वर डंगवाल, जागृति नवानी, कैलाश कंडवाल, संदीप जुगराण, मीनाक्षी जुयाल, मीनाक्षी गुप्ता, अभिषेक नौटियाल, भीम, प्रताप सिंह, अनिकेत, आकांक्षा शर्मा, विशाल सावन, गायत्री टम्टा, राजीव शुक्ला, नवनीत गैरोला, संदीप नायक, सुशील यादव, पवन डबराल, आशुतोष काला, धाद सचिव तन्मय ममगांई, विजय जुयाल, साकेत रावत, महितोष मैठाणी आदि मौजूद थे।

सहस्रधारा रोड पर काटे गए पेड़ों को दी श्रद्धांजलि 

देहरादून। सिटीजन फॉर ग्रीन दून, दून के दोस्त, पारिस्थितिकी समूह, तितली ट्रस्ट, ईको ग्रुप समेत विभिन्न संगठनों से जुड़ों से लोग रविवार को सहस्त्रधारा रोड स्थित खंलगा स्मारक के पास एकत्र हुए। यहां सहस्त्रधारा रोड पर पेड़ों के कटान का विरोध करने के बाद काटे गए पेड़ों पर श्रद्धांजलि दी।

पर्यावरण प्रेमी हिमांशु अरोड़ा ने कहा कि पेड़ मनुष्यों के बिना जीवित रह सकते हैं, लेकिन मनुष्य का अस्तित्व पेड़ों के बिना संभव नहीं है। सहस्त्रधारा रोड के चौड़ीकरण के लिए 2200 पेड़ों का कटान शुरू हो गया है, जो पर्यावरण के लिए अच्छे संकेत नहीं है।

सरकार को इस मुद्दे पर संवेदनशील होने की जरूरत है। सड़क को कहीं फोरलेन तो कहीं थ्री लेन बनाया जा रहा है, क्यों ना ऐसी जगहों पर भी सड़क को थ्री लेन बनाया जाए, जहां पर पेड़ हैं। उन्होंने सरकार से इस दिशा जल्द निर्णय लिया लेने की मांग की है।

इसके साथ ही सोमवार को यमुना कॉलोनी स्थित पीडब्ल्यूडी के मुख्यालय पर धरना देने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर रुचि सिंह राव, अनीस लाल, जया सिंह, ईरा चौहान, मिलेश, अंतरा आदि मौजूद रहे।

हजारा बुण्जाई मुल्तानी बिरादरी की नई कार्यकारिणी गठित

देहरादून। हजारा बुण्जाई मुल्तानी बिरादरी की वार्षिक नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें प्रधान पवन चंदोक और उप प्रधान केवल ओबरॉय को बनाया गया।

रविवार को पटेलनगर स्थित होटल में आयोजित बैठक में संजय उप्पल ने 2019 से 2021 22 का लेखा-जोखा और ऑडिट रिपोर्ट पेश की। महासचिव सचिन विज ने बिरादरी के आगामी उद्देश्यों के विषय पर चर्चा की।

इसके बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें प्रधान और उप प्रधान के अलावा महासचिव सचिन विज, सचिव भूपेश धवन, कोषाध्यक्ष संजय उप्पल, ऑडिटर सीएल नंदा और प्रचार मंत्री योगेश नंदा को बनाया गया।

इस मौके पर भूपेंद्र, इंद्रमोहन विज, बाबूराम सहगल, मदनलाल मल्होत्रा, गजेंद्र वासन, रोशनलाल, अशोक मल्होत्रा, रूद्रमणि वासन, गजेंद्र वासन, संजीव पूरी, संजीव विज, किशोर सहगल, अशोक सोनी, राजकुमार कक्कड़, इंदरजीत कक्कड़, प्रदीप सूदी, गौरव सहगल, सतीश कक्कड़, गुलशन प्रवीण कोचर आदि मौजूद रहे।

सीएम धामी ने राष्ट्रीय मत्स्य पालन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आईआरडीटी सभागार सर्वे चौक, देहरादून में मत्स्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय मत्स्य पालन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने मत्स्य निदेशालय, बड़ासी ग्रांट, देहरादून में स्थापित होने वाले मत्स्य प्रसंस्करण यूनिट का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने हेतु प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की तर्ज पर मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना प्रारंभ की जायेगी। मत्स्य पालन को कृषि का दर्जा देते हुए मत्स्य पालन में लगने वाली विद्युत दरों को कृषि दरों पर निर्धारित किया जायेगा।

गढ़वाल एवं कुमाऊं में मत्स्य पालकों की सुविधा हेतु मत्स्य मंडी की स्थापना किए जाने की घोषणा भी मुख्यमंत्री द्वारा की गई।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर मत्स्य विभाग से संबंधित सभी स्टालों का अवलोकन किया। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत 2 लाभार्थियों को मोटरसाइकिल और आइस बॉक्स भेंट किया। जनपद उधमसिंहनगर एवं हरिद्वार के ग्राम समाज के तालाबों के पट्टों का आवंटन एवं मत्स्य पालन के क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने वाले प्रत्येक जिले से दो व्यक्तियों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मत्स्य पालन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मत्स्य पालन के क्षेत्र में प्रदेश में लोगों द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है। उत्पादों को अच्छा बाजार मिले इसके लिए सरकार प्रयासरत है। राज्य के पर्वतीय क्षेत्र में मत्स्य पालन के बढ़ते प्रभाव पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि यह स्वरोजगार के लिए एक नई उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रत्येक क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ हुआ है।

प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना एवं केन्द्र सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को आगे लाने का कार्य किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखण्ड में मत्स्य पालन के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं। सरकार द्वारा मत्स्यिकी के दृष्टिकोण से उपलब्ध जल संसाधनों के उपयोग हेतु किये जा रहे कार्यों के तहत लगभग 11 हजार व्यक्ति प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से मत्स्य पालन से जुड़े हैं। केन्द्र सरकार द्वारा भी मत्स्य विकास के कार्यों हेतु प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना संचालित की जा रही है।

लगभग 336 व्यक्तिगत लाभार्थियों एवं 17 सहकारी समितियों को लाभान्वित किया जा चुका है। सरकार द्वारा अधिक ऊँचाई के सुदूर क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर साधन के रूप में स्थापित करने हेतु पर्वतीय क्षेत्रों में ट्राउट फार्मिंग परियोजना संचालित करायी जा रही है।

इस अवसर पर विधायक श्री खजान दास, विधायक श्री बृज भूषण गैरोला, विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ, सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ० बी.वी.आर.सी पुरूषोत्तम, विभिन्न जनपदों से आये मत्स्य पालक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Share this story