हैलाकांडी, 3 अगस्त 2026 (दून हॉराइज़न)।
Assam Rape Case : असम के हैलाकांडी जिले के काटलीचेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले अलोईचारा इलाके में 15 साल की किशोरी के साथ हुई वीभत्स वारदात ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। घर में अकेली मौजूद नाबालिग की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिसके बाद पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया है।
शनिवार की रात करीब 11 बजे पूरा परिवार पास ही स्थित एक रिश्तेदार के घर में आयोजित दावत में शामिल होने गया हुआ था। किशोरी भी अपने परिजनों के साथ वहां मौजूद थी।
दावत के दौरान कजिन भाई के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई। इसके बाद किशोरी अकेले ही अपने घर वापस लौट आई।
देर रात जब परिवार के सदस्य दावत से वापस लौटे, तो कमरे के अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। फर्श पर किशोरी का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था।
हमलावरों ने किसी भारी वस्तु से किशोरी का सिर और चेहरा पूरी तरह कुचल दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि हत्या करने से पहले हमलावरों ने किशोरी के साथ यौन उत्पीड़न किया और बर्बरता की हदें पार करते हुए गुप्त अंग में लोहे की रॉड डाल दी।
घटना की खबर फैलते ही रविवार की सुबह सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-6 (NH-6) को पूरी तरह से जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले दरिंदों को तुरंत गिरफ्तार कर फांसी की सजा दी जाए। सड़क जाम होने के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अमिताभ सिन्हा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की आधिकारिक पुष्टि की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी अमिताभ सिन्हा ने बताया कि परिजनों ने हत्या से पहले बलात्कार का आरोप लगाया है, लेकिन मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। मामले की हर संभावित कोण से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं। इस सिलिसले में फिलहाल 5 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।














