नई दिल्ली, 04 अप्रैल (आरएनएस)। आधार कार्ड प्रबंधन की नोडल एजेंसी भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI Internship 2026)ने युवा पेशेवरों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं, जिससे तकनीकी छात्रों को सरकारी तंत्र के सबसे बड़े डेटाबेस के साथ काम करने का अवसर मिलेगा।
प्राधिकरण ने इंटर्नशिप योजना 2026 के तहत कुल 28 पदों की घोषणा की है, जिसके लिए आवेदन खिड़की 15 अप्रैल तक खुली रहेगी। इंटर्नशिप के इन पदों को विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया है ताकि विशिष्ट कौशल वाले उम्मीदवारों को जोड़ा जा सके।
कुल रिक्तियों में से सबसे अधिक 14 पद तकनीकी क्षेत्र (BE/B.Tech और M.Tech) के लिए सुरक्षित किए गए हैं, जबकि डिजाइन के क्षेत्र में भविष्य तलाश रहे युवाओं के लिए 2 पद बैचलर ऑफ डिजाइन (B.Des) और 4 पद मास्टर ऑफ डिजाइन (M.Des) के आवंटित हैं।

गणित और सांख्यिकी (Statistics) में विशेषज्ञता रखने वाले छात्रों के लिए भी UIDAI ने विशेष प्रावधान किया है। बैचलर ऑफ मैथमेटिक्स (B.Math) और बैचलर ऑफ स्टैटिस्टिक्स (B.Stat) के लिए 4 पद और इसी विषय में मास्टर डिग्री धारकों के लिए भी 4 पद रखे गए हैं।
यह पहल न केवल डेटा एनालिटिक्स को मजबूत करेगी बल्कि छात्रों को वास्तविक समय के डेटा सुरक्षा और प्रबंधन का अनुभव भी प्रदान करेगी।
पात्रता के मानकों को कड़ा रखते हुए UIDAI ने स्पष्ट किया है कि केवल मान्यता प्राप्त संस्थानों के छात्र ही इसमें हिस्सा ले पाएंगे। चयन की प्रक्रिया पारदर्शी रखी गई है, जिसमें प्राप्त आवेदनों की शैक्षणिक मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी।
इसके बाद सफल उम्मीदवारों को पर्सनल इंटरव्यू या डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा। चयनित होने वाले इंटर्न को ‘UIDAI इंटर्नशिप पॉलिसी’ के तहत मासिक स्टाइपेंड दिया जाएगा, जो उनकी शैक्षिक योग्यता और कार्य की प्रकृति पर निर्भर करेगा।
आवेदन करने के इच्छुक छात्र UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उपलब्ध नोटिफिकेशन लिंक के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।
समय सीमा का ध्यान रखते हुए उम्मीदवारों को 15 अप्रैल से पहले सभी दस्तावेज अपलोड करने की सलाह दी गई है।
| पद का नाम | कुल रिक्तियां | शैक्षणिक योग्यता |
| टेक्निकल (BE/B.Tech/M.Tech) | 14 | संबंधित इंजीनियरिंग स्ट्रीम |
| डिजाइन (B.Des/M.Des) | 06 | डिजाइन में स्नातक/परास्नातक |
| गणित/सांख्यिकी (B.Math/B.Stat/M.Sc) | 08 | गणित या सांख्यिकी में डिग्री |










