Coconut Malai Sandwich Recipe : छोटे बच्चों वाले घरों में हर थोड़ी देर में कुछ न कुछ नया और मीठा खाने की मांग उठना बेहद आम बात है।
अक्सर पेरेंट्स इस बात को लेकर परेशान रहते हैं कि बच्चों को बाहर की डिब्बाबंद या अनहेल्दी मिठाइयों से कैसे दूर रखा जाए।
अगर आपके घर में भी सुबह के नाश्ते या शाम के स्नैक टाइम पर ऐसी ही फरमाइश होती है, तो यह रेसिपी आपके काम की है।

ताजे नारियल, मलाई और ब्रेड के मेल से बनने वाला यह कोकोनट मलाई सैंडविच न सिर्फ झटपट तैयार होता है, बल्कि इसका स्वाद भी हर उम्र के लोगों को पसंद आता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का एकदम आसान तरीका।
बनाने के लिए जरूरी सामान
यह डिश तैयार करने के लिए आपको रसोई में आसानी से मिलने वाली चीजों की जरूरत होगी:
- ब्रेड स्लाइस: 4 से 5
- फ्रेश मलाई: 2 चम्मच
- मिल्क पाउडर: 4 चम्मच
- घिसा हुआ नारियल (नारियल का बुरादा): 3 से 4 चम्मच
- चीनी: 4 से 5 चम्मच
- इलायची पाउडर: 2 चुटकी
- केसर के धागे: 4 से 5
- यलो फूड कलर: 2 बूंद (ऐच्छिक)
- दूध: जरूरत अनुसार
बनाने की आसान विधि
1. चाशनी तैयार करें
एक बर्तन में 4 से 5 चम्मच चीनी और एक कप पानी डालकर धीमी आंच पर पकने दें। जब चीनी घुल जाए तो इसमें केसर के रेशे और यलो फूड कलर मिला दें।
चाशनी को हल्का चिपचिपा होने तक पकाएं और फिर गैस बंद करके ठंडा होने दें।
2. मलाई की स्टफिंग बनाएं
एक कटोरी में ताजी मलाई निकालें। इसमें मिल्क पाउडर, दो चम्मच नारियल का बुरादा और इलायची पाउडर डालें।
सभी चीजों को अच्छे से मिलाएं। अगर मिक्सचर थोड़ा गाढ़ा लगे, तो इसमें एक-दो चम्मच दूध मिलाकर क्रीमी टेक्सचर तैयार कर लें।
3. सैंडविच को शेप दें
व्हाइट ब्रेड के चारों तरफ के सख्त किनारों को काटकर अलग कर लें। अब ब्रेड को बीच से काटकर छोटे चौकोर टुकड़ों में बांट लें।
4. स्टफिंग भरें और कोट करें
ब्रेड के एक टुकड़े पर तैयार मलाई वाला मिक्सचर अच्छे से फैलाएं और ऊपर से ब्रेड का दूसरा टुकड़ा रखकर दबा दें।
अब इस सैंडविच को तैयार की हुई चाशनी में हल्का सा डुबोएं। ध्यान रखें कि ब्रेड ज्यादा देर चाशनी में न रहे, वरना यह टूट सकती है।

चाशनी से निकालने के बाद सैंडविच को सूखे नारियल के बुरादे में अच्छी तरह लपेट (कोट) लें।
आपका स्वादिष्ट और फ्रेश कोकोनट मलाई सैंडविच पूरी तरह तैयार है। इसे आप तुरंत परोस सकते हैं या थोड़ी देर फ्रिज में रखकर ठंडा-ठंडा भी सर्व कर सकते हैं।










