देहरादून, 28 नवंबर : अल्मोड़ा के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम स्थित पुरातत्व संग्रहालय में रखी 9 प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की कथित तैयारी ने विवाद खड़ा कर दिया है। शनिवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की टीम जागेश्वर पहुंची तो स्थानीय लोगों और पुजारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी इस मामले में खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने राज्य सरकार से मूर्तियों को दिल्ली भेजने की प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग की है।
रावत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्हें जागेश्वर धाम के पंडितों से जानकारी मिली है कि संग्रहालय में रखी नौ प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली स्थानांतरित करने के लिए एक टीम पहुंची है। उन्होंने स्थानीय लोगों और पुजारियों के विरोध का वीडियो भी साझा किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्राचीन सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
हरीश रावत ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप मांगा
हरीश रावत ने अपने पोस्ट में जागेश्वर धाम से जुड़ी धार्मिक आस्था का जिक्र करते हुए कहा कि इस धाम से उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया के श्रद्धालुओं की भावनाएं जुड़ी हैं। उन्होंने मूर्तियों को लेकर अपना विरोध स्पष्ट करते हुए लिखा, ‘अपने मंदिरों की इन अमूल्य मूर्तियों को किसी भी हालत में दिल्ली शिफ्ट नहीं होने देंगे।’
उन्होंने राज्य सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करने और मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग की। रावत ने इस मामले में कुमाऊं कमिश्नर से भी बातचीत की और उनसे तत्काल संज्ञान लेने को कहा।
इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह कुंजवाल से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और स्थानीय लोगों के साथ खड़े रहने का आग्रह किया है। रावत ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो वह स्वयं जागेश्वर धाम पहुंचेंगे।
पुजारियों और स्थानीय लोगों ने लिखित आश्वासन मांगा
मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय नागरिकों और पुजारियों ने विरोध शुरू किया। उनका कहना है कि ये मूर्तियां केवल पुरातात्विक संग्रहालय में रखी वस्तुएं नहीं हैं, बल्कि जागेश्वर क्षेत्र की धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी हैं।
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि मूर्तियों को यहां से हटाने से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होंगी। उन्होंने शासन और प्रशासन से स्पष्ट लिखित आश्वासन मांगा है कि संग्रहालय से किसी भी मूर्ति को दिल्ली नहीं ले जाया जाएगा।
स्थानीय लोगों की मांग है कि जब तक उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक मूर्तियों को यहां से नहीं ले जाने दिया जाएगा। विरोध के दौरान पुरातत्व विभाग की टीम और स्थानीय लोगों के बीच गहमागहमी की स्थिति भी बनी।
संग्रहालय की धरोहर को लेकर बढ़ा विवाद
जागेश्वर पुरातत्व संग्रहालय में मंदिर समूह और आसपास के क्षेत्र से प्राप्त प्राचीन कलाकृतियां सुरक्षित रखी गई हैं। इनमें 9वीं से 14वीं शताब्दी के बीच की हिंदू देवी-देवताओं की पत्थर की मूर्तियां और 9वीं शताब्दी की पोणा राजा की कांस्य प्रतिमा भी शामिल हैं।
28 नवंबर को सामने आए विरोध के बीच स्थानीय लोगों ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को भी पत्र भेजकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इस पत्र की प्रतियां प्रधानमंत्री कार्यालय, उत्तराखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री और अल्मोड़ा के जिलाधिकारी को भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
स्थानीय लोगों और पुजारियों का विरोध जारी रहने के बीच मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। दूसरी ओर, हरीश रावत ने भी इस मामले में राज्य सरकार से हस्तक्षेप की मांग करते हुए जरूरत पड़ने पर स्वयं जागेश्वर पहुंचने की बात कही है।








