देहरादून (11 अक्टूबर) : राजधानी देहरादून में देर रात तक चलने वाले पब-बार कल्चर और सड़कों पर होने वाले हुड़दंग के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीमों ने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात पूरे शहर में ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ चलाया। इस औचक छापेमारी के दौरान धोरन रोड स्थित चर्चित ‘D3 बार’ को तय समय सीमा के बाद भी खुला पाए जाने पर उसके संचालक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने बार प्रबंधन पर आबकारी नियमों और लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उसका लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी है।
धोरन रोड स्थित डी3 बार का लाइसेंस होगा रद्द
पुलिस अधीक्षक नगर (SP City) के पर्यवेक्षण और संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में शहर के तमाम प्रमुख इलाकों में होटल, पब, बार और रेस्टोरेंट पर एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, धोरन रोड स्थित D3 बार निर्धारित समय समाप्त होने के बावजूद संचालित हो रहा था और वहां नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही थीं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल बार को बंद कराया और संचालक को हिरासत में लेकर वैधानिक प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में रात की शांति भंग करने वाले और आबकारी नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा।
देर रात घूम रहे 61 युवक लाए गए थाने
नाईट स्ट्राइक के दौरान पुलिस ने शहर की सड़कों, चौराहों और डार्क स्पॉट्स पर विशेष नाकेबंदी की थी। आधी रात के बाद बिना किसी ठोस वजह के सड़कों पर घूम रहे और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त 61 युवकों को पुलिस विभिन्न थानों में लेकर आई। थानों में सभी युवकों के पहचान पत्रों की जांच कर उनका विस्तृत पुलिस सत्यापन कराया गया। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने और अनुशासन तोड़े जाने पर 78 व्यक्तियों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान काटकर वैधानिक चेतावनी दी गई।
ड्रिंक एंड ड्राइव में 27 गिरफ्तार, 39 वाहन सीज
सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने ब्रीथ एनालाइजर के साथ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 27 लोगों को मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की धारा 185 के तहत गिरफ्तार किया गया और उनके वाहन मौके पर ही सीज कर दिए गए। रात भर चली इस सघन चेकिंग में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 97 चालकों के चालान किए गए, जिनमें से 39 वाहनों को जब्त कर थानों में खड़ा कराया गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि वीकेंड पर नाइटलाइफ के नाम पर हुड़दंग बर्दाश्त नहीं होगा।









