home ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम मनोरंजन बिजनेस ऑटो गैजेट्स खेल हेल्थ लाइफस्टाइल धर्म राशिफल लव राशिफल अंक राशिफल पंचांग करियर ट्रेंडिंग वीडियो

Rahul Gandhi Uttarakhand Visit : राहुल गांधी के दौरे से पहले देहरादून पहुंची कुमारी शैलजा, भाजपा पर बोला तीखा हमला

राहुल गांधी के 4 और 5 जून को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा देहरादून पहुंच गई हैं। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण करने के बाद कांग्रेस मुख्यालय में पदाधिकारियों की बैठक ली और प्रदेश की भाजपा सरकार पर आपसी तालमेल की कमी का आरोप लगाया।

Rahul Gandhi Uttarakhand Visit : राहुल गांधी के दौरे से पहले देहरादून पहुंची कुमारी शैलजा, भाजपा पर बोला तीखा हमला

HIGHLIGHTS

  • 4 जून को अल्मोड़ा में जनसभा और पौड़ी में पूर्व सैनिकों से मिलेंगे राहुल गांधी।
  • 5 जून को देहरादून में कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ 2027 चुनावों पर होगा मंथन।
  • प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने भाजपा सरकार पर अंतर्कलह और जनहित के मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाया।
  • प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और डॉ. हरक सिंह रावत के साथ शैलजा ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण।

देहरादून, 31 मई (दून हॉराइज़न)। आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 4 और 5 जून को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा रविवार को देहरादून पहुंच गईं।

उनके साथ कांग्रेस के सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी उत्तराखंड आए हैं। देहरादून पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ आशा रोड़ी पर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

स्वागत के बाद कुमारी शैलजा ने गणेश गोदियाल और कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत के साथ देहरादून में राहुल गांधी की प्रस्तावित बैठक के कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद प्रदेश प्रभारी सीधे राजीव भवन (कांग्रेस मुख्यालय) पहुंचीं, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे का कार्यक्रम

कांग्रेस मुख्यालय में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उसी दिन उनका पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ संवाद का भी कार्यक्रम है। इसके बाद 5 जून को वह देहरादून में कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों, पूर्व सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों और अन्य फ्रंटल संगठनों के साथ बैठक कर आगामी चुनावों के लिए रणनीति पर मंथन करेंगे।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना

बैठक के दौरान कुमारी शैलजा ने राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड सरकार में आपसी तालमेल की भारी कमी है और भाजपा नेता, विधायक व मंत्री केवल अंतर्कलह में उलझे हुए हैं।

शैलजा ने दावा किया कि प्रदेश की जनता सरकार के कामकाज से निराश है और बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य में न बेटियों को न्याय मिल रहा है और न ही युवाओं को रोजगार। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस मौके का लाभ उठाते हुए बदलाव के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

पूर्व सैनिकों पर कांग्रेस का फोकस

राहुल गांधी के पौड़ी दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रदेश प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा पूर्व सैनिकों के सम्मान के लिए खड़ी रही है। पौड़ी में संवाद के दौरान राहुल गांधी सीधे पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनेंगे, जिसे पार्टी के लिए एक बड़ा गौरवपूर्ण क्षण बताया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भरा जोश

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बैठक में कहा कि राहुल गांधी के दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश आएगा। इस दौरान चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और चुनाव कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री प्रीतम सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर एकजुटता का संदेश दिया।

बैठक में पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी, नव प्रभात, हीरा सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment