Sawan Special Malai Ghevar Recipe : सावन की फुहारों और तीज-त्योहारों के साथ ही रसोई में मीठी-मीठी खुशबू घुलने लगती है। इस मौसम में राजस्थानी मलाई घेवर की मांग सबसे ज्यादा रहती है।
बाहर से कुरकुरा, अंदर से रसीला और ऊपर से ठंडी-गाढ़ी मलाई की परत इस मिठाई को बेहद खास बना देती है। अक्सर लोगों को लगता है कि घेवर सिर्फ हलवाई की दुकान पर ही सही बन सकता है, लेकिन ऐसा नहीं है।
अगर सामग्री का नाप सही हो और सही तरीका अपनाया जाए, तो इसे घर की रसोई में भी एकदम परफेक्ट बनाया जा सकता है।

जरूरी सामग्री
- मैदा – 2 कप
- देशी घी – 1/4 कप (ठंडा या जमा हुआ)
- दूध – 1/4 कप (ठंडा)
- ठंडा पानी और बर्फ के टुकड़े
- नींबू का रस – 1 चम्मच
- चाशनी के लिए:
- चीनी – 1.5 कप
- पानी – 1 कप
- हरी इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
- केसर के धागे – 7-8
- फुल क्रीम दूध – 1 लीटर (रबड़ी के लिए)
- चीनी – 2-3 बड़े चम्मच
- कटे हुए बादाम, पिस्ता और काजू
- तलने के लिए घी या तेल
बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप विधि
1. घेवर का बैटर तैयार करना
एक बड़े बर्तन में जमा हुआ घी लें और उसमें बर्फ के टुकड़े डालकर हाथ से अच्छी तरह फेंटें, जब तक कि घी माखन की तरह सफेद न हो जाए।
अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके ठंडा दूध और मैदा मिलाते जाएं। ध्यान रखें कि बैटर में गांठें न बनें।
इसमें थोड़ा-थोड़ा ठंडा पानी डालते हुए बिल्कुल पतला (छाछ जैसा) बैटर तैयार कर लें। अंत में इसमें एक चम्मच नींबू का रस मिलाएं। बैटर को हमेशा ठंडा ही रखें।

2. परफेक्ट जालीदार घेवर तलना
एक गहरे और भारी तले वाले भगोने में आधा भगोना घी या तेल गरम करें। जब घी खूब तेज गरम हो जाए, तब इसमें ऊंचाई से बैटर की एक-एक पतली धार गिराएं।
बैटर डालते ही झाग उठेगा। जब झाग बैठ जाए, तो बीच में जगह बनाकर फिर से थोड़ा बैटर डालें। ऐसा 5-6 बार दोहराएं।
हल्की आंच पर घेवर को सुनहरा होने तक तलें। जब यह पूरी तरह सिक जाए, तो किसी लकड़ी या चम्मच के पिछले हिस्से की मदद से इसे सावधानीपूर्वक बाहर निकाल लें और जाली पर रख दें ताकि अतिरिक्त घी निकल जाए।
3. चाशनी और मलाई तैयार करना
एक बर्तन में चीनी और पानी मिलाकर एक तार की चाशनी बनाएं। इसमें इलायची पाउडर और केसर मिला दें।

दूसरी तरफ दूध को कड़ाही में गाढ़ा होने तक उबालें। जब दूध घटकर एक चौथाई रह जाए और रबड़ी जैसा गाढ़ा हो जाए, तो इसमें हल्की चीनी मिलाकर ठंडी होने दें।
परसोने का तरीका
तैयार घेवर के ऊपर गुनगुनी चाशनी धीरे-धीरे डालें ताकि वह अंदर तक समा जाए।
इसके बाद ऊपर से गाढ़ी ठंडी मलाई (रबड़ी) की एक बराबर परत फैलाएं। अंत में कटे हुए पिस्ता, बादाम और काजू से इसे सजाएं।
आपका क्रिस्पी और रसीला राजस्थानी मलाई घेवर तैयार है। इसे त्योहार के मौके पर अपने परिवार और मेहमानों को परोसें।










