Side Effects Of Tea : सुबह आंख खुलते ही हाथ में गरमा-गरम चाय का कप होना ज्यादातर लोगों की आदत बन चुका है।
थकान मिटानी हो या दिन की शुरुआत करनी हो, चाय एक अहम हिस्सा है। चाय पीना गलत नहीं है, लेकिन इसे गलत समय और गलत तरीके से पीना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है।
अगर आप चाय के बिना नहीं रह सकते, तो आपको चाय छोड़नी नहीं है, बल्कि अपनी कुछ छोटी-छोटी आदतें सुधारनी हैं।
1. सुबह खाली पेट ‘बेड टी’ लेने से बचें
अक्सर लोग सोकर उठते ही सबसे पहले चाय पीते हैं। खाली पेट चाय जाने से पेट में एसिड की मात्रा तेजी से बढ़ती है।
इसकी वजह से दिनभर सीने में जलन, गैस, पेट फूलना (ब्लोटिंग) और एसिडिटी की शिकायत बनी रहती है।
सुबह पहले एक गिलास सादा या गुनगुना पानी पिएं, कुछ हल्का खाएं और उसके बाद ही चाय का आनंद लें।
2. चाय के साथ अनहेल्दी स्नैक्स न लें
चाय का असली नुकसान अक्सर चाय से ज्यादा उसके साथ खाए जाने वाले स्नैक्स से होता है। नमकीन, मीठे बिस्किट या रस्क में मैदा, ज्यादा चीनी और पाम ऑयल की मात्रा अधिक होती है।
रोजाना चाय के साथ इन चीजों को खाने से ब्लड शुगर बढ़ सकता है और वजन बढ़ने का खतरा रहता है।
चाय के साथ मखाने, भुने चने या मुट्ठी भर ड्राई फ्रूट्स खाना बेहतर विकल्प है।
3. खाने के तुरंत बाद कभी न पिएं चाय
कुछ लोगों को दोपहर या रात के भोजन के तुरंत बाद चाय की तलब होती है। चाय में मौजूद ‘टैनिन’ जैसे तत्व भोजन से मिलने वाले जरूरी मिनरल्स, खास तौर पर आयरन को शरीर में सोखने से रोकते हैं।
इससे भोजन के पूरे पोषक तत्व शरीर को नहीं मिल पाते। अगर भोजन के बाद चाय पीनी ही है, तो कम से कम 45 मिनट से 1 घंटे का गैप जरूर रखें।
चाय का मजा तभी है जब यह आपको ताजगी दे, न कि पेट की तकलीफें। इन तीन छोटे बदलावों को अपनाकर आप बिना किसी परेशानी के अपनी चाय का लुत्फ उठा सकते हैं।
सलाह: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। अगर आपको लंबे समय से एसिडिटी या पेट से जुड़ी कोई समस्या है, तो डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।








