ताज़ा समाचार देश विदेश क्राइम बिज़नेस खेल मनोरंजन ऑटो गैजेट्स धर्म राशिफल आज का पंचांग
हेल्थ लाइफस्टाइल करियर ट्रेंडिंग

देहरादून : लालपुल पर बेकाबू सिटी बस ने फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को रौंदा, एक की मौत

देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में लालपुल के पास एक बेकाबू सिटी बस ने फुटपाथ पर बैठे पांच मजदूरों को बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में एक 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

देहरादून : लालपुल पर बेकाबू सिटी बस ने फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को रौंदा, एक की मौत

HIGHLIGHTS

  • आईएसबीटी से घंटाघर जा रही सिटी बस लालपुल पर बेकाबू हुई
  • फुटपाथ पर मजदूरी मिलने का इंतजार कर रहे थे पांचों युवक
  • हादसे में राजीव नगर निवासी 22 वर्षीय आहत की मौत
  • बस चालक अर्जुन गुरुंग को मिर्गी का दौरा पड़ने का दावा

देहरादून : राजधानी देहरादून के कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत लालपुर (लालपुल) के समीप एक अनियंत्रित सिटी बस ने सड़क किनारे बैठे पांच मजदूरों को बुरी तरह कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में राजीव नगर निवासी 22 वर्षीय युवक आहत की मौके पर ही मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।

हादसे की शिकार हुई सिटी बस आईएसबीटी से सवारी लेकर घंटाघर की तरफ रवाना हुई थी। लालपुल के पास पहुंचते ही गाड़ी अचानक सड़क से नीचे उतर गई और फुटपाथ को तोड़ते हुए आगे बढ़ गई। वहां रोजाना की तरह मजदूरी मिलने की उम्मीद में खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए। रफ्तार इतनी तेज थी कि बस सीधे एक स्थानीय होटल के मुख्य गेट से जाकर टकराई और रुक गई।

मौके पर मौजूद चश्मदीदों के मुताबिक फुटपाथ पर बैठे श्रमिक रोजमर्रा के काम की तलाश में वहां एकत्र हुए थे। बस के पहियों के नीचे संजीत, रतन, मानसिंह, आहद और सुखराज आ गए। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए मलबे और पहियों के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। समय पर सरकारी एंबुलेंस सेवा मौके पर नहीं पहुंच सकी थी। लोगों ने तुरंत ई-रिक्शा और ऑटो का इंतजाम किया और घायलों को श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल भिजवाया।

होटल के दरवाजे से टकराकर बस के रुकने से एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया वरना हताहतों की संख्या कहीं ज्यादा हो सकती थी। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि बस चला रहे ड्राइवर अर्जुन गुरुंग को गाड़ी चलाने के दौरान अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया था। दौरा पड़ते ही उसका स्टेयरिंग से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया और यह भयानक वाकया पेश आया।

कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बस चालक अर्जुन गुरुंग को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना का शिकार बनी सिटी बस को भी क्रेन की मदद से कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया गया है। इस वीभत्स एक्सीडेंट को देखकर बाजार में मौजूद लोग सहम गए और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोबाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लालपुर के पास सिटी बस से कई लोगों को कुचलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी।

ड्राइवर को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल कराया जा रहा है क्योंकि प्रथम दृष्टया उसे दौरा पड़ने की बात कही गई है। घटना के हर पहलू की विधिक जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Advertisement

Harpreet Singh

हरप्रीत सिंह पिछले 10 वर्षों से 'दून हॉराइज़न' के साथ जुड़े हुए हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में एक दशक का अनुभव रखने वाले हरप्रीत की उत्तराखंड और अन्य राज्यों की खबरों पर गहरी पकड़ है. उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा में उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय से एमबीए (MBA) की डिग्री हासिल की है. इसके अलावा, उन्होंने भारतीय विद्या भवन, मुंबई से पब्लिक रिलेशंस (जनसंपर्क) में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी पूरा किया है. अपने अनुभव और शिक्षा के माध्यम से वे पाठकों तक सटीक और विश्लेषणात्मक खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Leave a Comment